
कच्चा मकान ढहने से वकील बेटी और मां मौत (Img: Dynamite News)
Kanpur Dehat: जनपद कानपुर देहात में पिछले 48 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। जगह-जगह जलभराव और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचने की खबरों के बीच रविवार तड़के मैथा तहसील क्षेत्र के शिवली थाना अंतर्गत नवल निवादा गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया।
यहां बारिश के चलते एक कच्चा मकान भरभराकर ढह गया, जिसके मलबे में दबकर मां और बेटी की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार नवल निवादा गांव निवासी शांति देवी (70), पत्नी स्वर्गीय रामेश्वर पाल, अपनी बेटी नीलू पाल (30), पुत्री स्वर्गीय रामेश्वर पाल, के साथ कच्चे मकान में रहती थीं। नीलू पाल मैथा तहसील में अधिवक्ता के रूप में कार्यरत थीं और प्रतिदिन तहसील जाकर वकालत करती थीं।
ये भी पढ़ें- Whatsapp पर फैला एक मैसेज और जल उठा नेशनल हाईवे, जानिए कैसे LPU में अफवाह बन गई तबाही का कारण
बताया जा रहा है कि लगातार हो रही तेज बारिश के कारण मकान की दीवारें कमजोर हो गई थीं। रविवार सुबह करीब 3 बजे अचानक पूरा कच्चा मकान भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय मां-बेटी घर के भीतर सो रही थीं और मलबे में दब गईं। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही शिवली थाना पुलिस और तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मलबा हटवाया और दोनों शवों को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। इसके बाद पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रशासन ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के कई ग्रामीण इलाकों में कच्चे मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे जर्जर और कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने और राहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं, नवल निवादा गांव में मां-बेटी की एक साथ हुई मौत से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
Location : Kanpur Dehat
Published : 27 September 2026, 12:28 PM IST
Topics : Heavy rain House Collapse Kanpur Dehat News UP News