झांसी के किसानों को DAP की दरकार, समितियों में NPK मिलने पर विधायक ने जताई चिंता; प्रमुख सचिव को लिखा पत्र

झांसी में रबी फसलों की बुवाई के बीच DAP खाद की उपलब्धता को लेकर किसानों की परेशानी बढ़ रही है। सहकारी समितियों और निजी दुकानों पर खाद की मांग के बावजूद पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है। किसानों की समस्या को देखते हुए गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने शासन को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई और पर्याप्त व्यवस्था की मांग की है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 20 November 2026, 2:29 AM IST

Jhansi: झांसी जिले में DAP खाद की किल्लत को लेकर गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव, कृषि विभाग एम के सुन्दरम को पत्र लिखा है। उन्होंने जिले में किसानों की जरूरत के मुताबिक DAP खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने और तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

विधायक ने अपने पत्र में बताया कि झांसी जनपद में चना, मटर, मसूर, राई, अलसी, सरसों और गेहूं की खेती बड़े पैमाने पर होती है। इन फसलों की बुवाई के लिए किसानों को DAP खाद की अत्यधिक आवश्यकता है। इसके बावजूद सहकारी समितियों में लगातार मांग के बाद भी पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। वहीं, निजी लाइसेंसधारी खाद विक्रेताओं के पास भी प्राइवेट रैक नहीं आने के कारण DAP की पर्याप्त उपलब्धता नहीं है।

सामाजिक कलंक के डर से प्रेमी बना हैवान! नवजात को जन्म देने के बाद रची खौफनाक साजिश; जानें पूरा मामला

उन्होंने कहा कि खाद की कमी के चलते किसान सहकारी समितियों और निजी दुकानों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। खाद लेने के लिए लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन इसके बाद भी किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार DAP नहीं मिल पा रही है। अधिक खाद की आवश्यकता वाले बड़े किसानों को भी इस समस्या के कारण काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।

पिछले साल भी किसानों को हुई थी परेशानी

विधायक जवाहर लाल राजपूत ने पत्र में पिछले वर्ष की स्थिति का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पिछले साल भी किसानों को DAP खाद मिलने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। हालात ऐसे रहे कि कई किसानों को पांच से दस बोरी तक खाद उपलब्ध नहीं हो पाई थी।

उन्होंने यह भी बताया कि किसानों को प्रत्येक सहकारी समिति पर जबरन एनपीके खाद दी जा रही है। इसकी कीमत 2100 से 2300 रुपये प्रति बोरी तक है। विधायक के मुताबिक, कई किसान अपनी जरूरत के अनुसार DAP खाद लेना चाहते हैं और इस वजह से एनपीके नहीं लेना चाहते। इसके बावजूद उन्हें समितियों पर एनपीके दिए जाने की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

बरीक्षा के 6 दिन बाद घर में पसरा मातम! मनगढ़ जा रहे युवकों की बाइक ट्रॉली से टकराई; दो की मौत

प्रमुख सचिव से पर्याप्त रैक और आपूर्ति की मांग

विधायक ने प्रमुख सचिव कृषि एम के सुन्दरम से मांग की है कि झांसी जिले में DAP खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सहकारिता विभाग और निजी क्षेत्र के लिए रैक भिजवाने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि बाजारों में भी किसानों की आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में DAP खाद उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

पत्र के माध्यम से उन्होंने किसानों को खाद के लिए परेशान होने से बचाने और रबी फसलों की बुवाई समय पर सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है। अब किसानों की जरूरत के मुताबिक खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए शासन स्तर पर कार्रवाई की मांग की गई है।

Location :  Jhansi

Published :  20 November 2026, 2:29 AM IST