
विभाग के खिलाफ प्रदर्शन फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज
सीतापुर: सिंचाई विभाग में लंबित सेवा संबंधी मांगों को लेकर कर्मचारियों ने शुक्रवार को मोर्चा खोल दिया। सिंचाई संघ के बैनर तले सींचपाल, सींच पर्यवेक्षक और नलकूप चालकों ने जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांगें उठाईं। दोपहर करीब चार बजे कर्मचारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निराकरण की मांग की।
संघ के जिलाध्यक्ष नीरज कुमार गौतम ने कहा कि विभाग की सेवा नियमावली करीब 70 वर्ष पुरानी है। समय के साथ कार्यप्रणाली और जरूरतें बदल गई हैं, लेकिन नियमावली में अपेक्षित संशोधन नहीं हुआ। इसका खामियाजा कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने सेवा नियमावली में संशोधन कर इसे वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप लागू करने की मांग की।
कर्मचारियों ने वेतन विसंगति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना है कि पे-ग्रेड अभी भी 1900 पर अटका हुआ है, जबकि अन्य विभागों में समान स्तर के कर्मचारियों को 2400 पे-ग्रेड दिया जा रहा है। ऐसे में सिंचाई विभाग के कर्मचारियों का पे-ग्रेड भी 2400 किए जाने की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि विभाग में कर्मचारियों की कमी के चलते कार्यरत कर्मियों पर अतिरिक्त जिम्मेदारियां डाली जा रही हैं। एक नलकूप चालक को करीब 20 नलकूप चालकों के बराबर काम करना पड़ रहा है। इससे विभागीय कार्यों के संचालन में परेशानी के साथ कर्मचारियों पर काम का दबाव भी बढ़ रहा है। संघ ने कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने और रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग की।
नीरज कुमार गौतम ने बताया कि इन मांगों को लेकर मुख्यमंत्री और प्रमुख सचिव को भी ज्ञापन भेजा जा चुका है। शुक्रवार को जिला स्तर पर जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर शासन तक समस्याएं पहुंचाने की मांग की गई। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान अब प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।
Location : सीतापुर
Published : 30 October 2026, 6:53 PM IST