सोनभद्र में आयकर विभाग की बड़ी छापेमारी, खनन कारोबारियों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ से मचा हड़कंप

सोनभद्र जिले के ओबरा नगर क्षेत्र में आयकर विभाग ने खनन कारोबारियों के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। दर्जनभर गाड़ियों से पहुंची टीम के साथ भारी पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने फिलहाल मीडिया को जानकारी देने से इनकार किया है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 25 February 2026, 1:37 PM IST

Sonbhadra: जनपद में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब आयकर विभाग की टीम ने खनन कारोबार से जुड़े कई प्रतिष्ठानों और आवासों पर एक साथ छापेमारी शुरू कर दी। कार्रवाई खास तौर पर ओबरा नगर क्षेत्र और आसपास के इलाकों में की गई, जहां आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर एक साथ टीमों ने दस्तक दी। ताबड़तोड़ हो रही इस कार्रवाई से खनन व्यवसायियों और उनके करीबियों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।

कई लग्जरी गाड़ियों से पहुंचे अधिकारी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आयकर विभाग के अधिकारी दर्जनभर लग्जरी वाहनों से पहुंचे। खास बात यह रही कि कई गाड़ियों पर शादी समारोह से संबंधित बंपलेट और स्टिकर लगे थे, जिससे शुरू में लोगों को किसी पारिवारिक आयोजन का भ्रम हुआ। हालांकि कुछ ही देर में स्पष्ट हो गया कि यह आयकर विभाग की सुनियोजित कार्रवाई है। अधिकारियों के साथ स्थानीय पुलिस बल भी बड़ी संख्या में मौजूद रहा, जिसने संबंधित परिसरों के बाहर सुरक्षा घेरा बना लिया।

Sonbhadra News: 10 ट्रेड यूनियनों का प्रदर्शन, श्रम संहिता रद्द करने और निजीकरण रोकने की मांग

खनन कारोबारियों के ठिकानों पर दबिश

सूत्रों के मुताबिक छापेमारी मुख्य रूप से खनन से जुड़े बड़े कारोबारियों के आवास, कार्यालय और संभावित गोदामों पर की जा रही है। ओबरा थाना क्षेत्र के कम से कम तीन प्रमुख स्थानों पर कार्रवाई की सूचना मिल रही है। इसके अलावा नगर क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक जगहों पर टीमों ने एक साथ जांच शुरू की। माना जा रहा है कि आयकर चोरी, अघोषित संपत्ति और लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच के लिए यह छापेमारी की जा रही है।

दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच

आयकर टीम ने संबंधित परिसरों में पहुंचते ही सभी प्रवेश और निकास मार्गों को नियंत्रित कर लिया। अंदर मौजूद लोगों के मोबाइल फोन और अन्य संचार माध्यमों के उपयोग पर भी निगरानी रखी जा रही है। अधिकारी वित्तीय दस्तावेज, कंप्यूटर हार्ड डिस्क, लैपटॉप, पेन ड्राइव और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड की गहन जांच कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि कुछ स्थानों पर खातों और लेनदेन से जुड़े महत्वपूर्ण कागजात भी बरामद किए गए हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मीडिया को जानकारी देने से इनकार

कार्रवाई के दौरान मीडिया कर्मियों की भीड़ कई स्थानों पर जुट गई, लेकिन आयकर विभाग के अधिकारियों ने फिलहाल किसी भी प्रकार की आधिकारिक जानकारी देने से इनकार कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। पुलिस बल ने मीडिया को निर्धारित दूरी पर ही रोके रखा।

Sonbhadra News: राइस मिल से फैलता प्रदूषण बना ग्रामीणों की मुसीबत, प्रशासन तक पहुँचा मामला

पूरे जिले में चर्चा का माहौल

इस बड़ी कार्रवाई के बाद पूरे सोनभद्र जिले में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। खनन कारोबार लंबे समय से यहां की प्रमुख आर्थिक गतिविधियों में शामिल रहा है। ऐसे में आयकर विभाग की इस कार्रवाई को काफी अहम माना जा रहा है। फिलहाल छापेमारी की प्रक्रिया जारी है और देर शाम तक कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Location : 
  • Sonbhadra

Published : 
  • 25 February 2026, 1:37 PM IST