हिंदी
नोटिस चस्पा (Img : Social Media)
Chandauli : कोडीन युक्त कफ सिरप मामले में फरार आरोपियों की मुश्किलें अब बढ़ती नजर आ रही हैं। चंदौली पुलिस ने शनिवार को वाराणसी में चार आरोपियों के घर पहुंचकर डुगडुगी बजवाई और कुर्की की उद्घोषणा से जुड़ा नोटिस चस्पा किया। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि मामले में फरार चल रहे आरोपियों पर शिकंजा कसने की तैयारी तेज हो गई है।
कोडीन युक्त कफ सिरप प्रकरण में औषधि निरीक्षक, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से मुगलसराय कोतवाली में छह अभियुक्तों के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज कराई गई थीं। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच आगे बढ़ी तो आरोपियों की संख्या बढ़कर 22 हो गई। पुलिस के मुताबिक, इनमें से 18 अभियुक्त फिलहाल जेल में हैं, जबकि चार आरोपी अभी फरार चल रहे हैं।
फरार आरोपियों में शुभम जायसवाल निवासी कायस्थ टोला, प्रहलाद घाट, थाना जैतपुरा शामिल है। इसके अलावा प्रशांत कुमार कसेरा और उनकी पत्नी अंजली रानी कसेरी निवासी कसेरा साकिनाम, हबीबपुरा, थाना चेतगंज का नाम भी शामिल है। चौथे आरोपी आकाश गुप्ता निवासी औसानगंज, रानी फाटक, थाना जैतपुरा, वाराणसी हैं।
इन चारों के खिलाफ मुगलसराय कोतवाली में दर्ज दोनों मुकदमों के संबंध में फास्ट ट्रैक कोर्ट-1, चंदौली की ओर से कुर्की की उद्घोषणा संबंधी नोटिस जारी की गई थी। इसी आदेश के तहत पुलिस ने शनिवार को सभी आरोपियों के घरों पर डुगडुगी बजवाकर नोटिस चस्पा कराया।
पुलिस निरीक्षक विमलेश कुमार मौर्या ने बताया कि दोनों मुकदमों में शामिल फरार अभियुक्तों के घरों पर न्यायालय से जारी कुर्की की उद्घोषणा संबंधी नोटिस चस्पा की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि मामले की जांच के दौरान अभी कई अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस इन नामों की पड़ताल कर रही है और संबंधित लोगों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जा सकती है।
कोडीन युक्त कफ सिरप प्रकरण में अब तक की कार्रवाई के बीच चार आरोपियों का फरार रहना पुलिस के लिए अहम चुनौती बना हुआ है। न्यायालय के आदेश पर नोटिस चस्पा किए जाने के बाद आरोपियों पर कानूनी दबाव बढ़ गया है।
Location : Chandauli
Published : 11 October 2026, 2:36 PM IST