मुजफ्फरनगर में अखिलेश यादव की बेटी पर टिप्पणी से गरमाई सियासत, सपा नेताओं का तीखा रुख

मुजफ्फरनगर में सोशल मीडिया पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। सपा सांसद हरेंद्र मलिक और विधायक पंकज मलिक ने इस टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। दोनों नेताओं ने इसे महिला सम्मान से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 14 June 2026, 2:00 AM IST

Muzaffarnagar : जिले में सोशल मीडिया पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद सियासी माहौल गरमा गया है। समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र मलिक और चरथावल विधायक पंकज मलिक ने इस टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए इसे बेहद निंदनीय और अस्वीकार्य बताया है। दोनों नेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

“बेटियों का अपमान किसी भी हाल में स्वीकार नहीं”

सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां समाज की सोच पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार एक तरफ बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देती है। वहीं दूसरी तरफ इस तरह की घटनाएं सामने आना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने साफ कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई ऐसी हरकत करने की हिम्मत न करे।

 

विधायक पंकज मलिक ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग

चरथावल विधायक पंकज मलिक ने भी इस मामले को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि बेटियों को राजनीति या विवाद का हिस्सा बनाना पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि इस तरह की सोच समाज के लिए खतरनाक है और इसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वह इस मुद्दे को विधानसभा में उठाएंगे और दोषियों से सार्वजनिक माफी की मांग करेंगे।

संगठनात्मक गतिविधियों के बीच भी उठा मुद्दा

इस दौरान प्रेमपुरी स्थित सांसद हरेंद्र मलिक के आवास पर युवजन सभा प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरी का स्वागत भी किया गया। सांसद ने इसे संगठन की नियमित प्रक्रिया बताया और कहा कि पार्टी लगातार संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।

 

Location :  Muzaffarnagar

Published :  14 June 2026, 2:00 AM IST