रामसागर और कामिनी ने दिसंबर 2024 में घर से भागकर पहले मंदिर में शादी की थी, फिर कोर्ट मैरिज भी कर ली थी। शादी के बाद दोनों पीलीभीत में रहने लगे थे। कुछ समय बाद कामिनी के मायके वाले वहां पहुंचे और रीति-रिवाज से शादी कराने की बात कहकर उसे वापस लालताखेड़ा ले आए।

कामिनी और रामसागर का फाइल फोटो
Lucknow: रिश्तों की आड़ में रची गई साजिश ने एक नौजवान की जिंदगी छीन ली। लखनऊ में ससुराल आए दामाद को पहले बेरहमी से पीटा गया। फिर पेट और सीने में चाकू घोंपकर मौत के घाट उतार दिया गया। खून से लथपथ हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
16 फरवरी की रात, लालताखेड़ा में खूनी खेल
यह घटना 16 फरवरी सोमवार देर रात लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र के लालताखेड़ा गांव में हुई। मृतक की पहचान रामसागर (24) के रूप में हुई है, जो पीलीभीत जिले के माधव टांडा का रहने वाला था। उसने गांव की रहने वाली कामिनी से करीब दो साल पहले प्रेम विवाह किया था। परिवार वाले इस रिश्ते के खिलाफ थे और यही विरोध धीरे-धीरे खूनी अंजाम तक पहुंच गया।
भागकर की थी शादी, बाद में कोर्ट मैरिज
रामसागर और कामिनी ने दिसंबर 2024 में घर से भागकर पहले मंदिर में शादी की थी, फिर कोर्ट मैरिज भी कर ली थी। शादी के बाद दोनों पीलीभीत में रहने लगे थे। कुछ समय बाद कामिनी के मायके वाले वहां पहुंचे और रीति-रिवाज से शादी कराने की बात कहकर उसे वापस लालताखेड़ा ले आए।
रिश्ता तोड़ने का दबाव, फिर रची गई साजिश
मृतक के भाई राहुल गौतम के मुताबिक, कामिनी को गांव लाने के बाद उस पर रामसागर को भूल जाने का दबाव बनाया गया। उससे मिलने तक नहीं दिया गया। इसी बीच उसकी दूसरी जगह शादी तय करने की कोशिश भी की गई। कामिनी ने यह बात फोन पर रामसागर को बताई थी।
कैसे उतारा मौत के घाट
राहुल का आरोप है कि 16 फरवरी को कामिनी के पिता भीमा, भाई सुमित और अमित ने विदाई के बहाने रामसागर को बुलाया। वह अपने भाई के साथ गांव पहुंचा। बातचीत के बहाने उसे गांव के बाहर ले जाया गया, जहां कामिनी से रिश्ता खत्म करने को कहा गया। विवाद बढ़ा तो भीमा, सुमित, अमित और पंकज ने मिलकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। उसके बाद चाकू से हमला करके मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस ने क्या एक्शन लिया?
इस मामले में पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।