मुझे गर्म पकौड़े खाने है…बीवी की ये बात सुनकर दुकान पर गया पति, वापस लौटा तो नवेली दुल्हन गायब; पढ़ें अनोखी स्टोरी

मुरादाबाद के बिलारी बस स्टैंड पर एक नवविवाहिता महिला रहस्यमयी तरीके से लापता हो गई। पति पकौड़े लेने दुकान पर गया था और लौटकर आया तो पत्नी वहां नहीं मिली। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 15 March 2026, 1:47 AM IST

Moradabad: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को हैरान कर दिया है। बस स्टैंड पर कुछ ही मिनटों के भीतर एक नवविवाहिता महिला रहस्यमयी तरीके से लापता हो गई। बताया जा रहा है कि महिला ने अपने पति से पकौड़े लाने को कहा और जैसे ही पति दुकान तक गया, वह अचानक गायब हो गई। जब पति वापस लौटा तो पत्नी वहां नहीं मिली, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

मायके से लौटते समय हुई घटना

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना 9 मार्च की बताई जा रही है। अमरोहा जिले के रहने वाले प्रीतम सिंह अपनी पत्नी रिमझिम को होली के बाद उसके मायके से वापस घर लेकर जा रहे थे। दोनों की शादी पिछले साल दिसंबर में हुई थी। मायके से लौटते समय दोनों बस से सफर कर रहे थे और रास्ते में मुरादाबाद जिले के बिलारी बस स्टैंड पर अगली बस का इंतजार करने के लिए उतर गए।

गैस कनेक्शन पर नया नियम: PNG है तो LPG कनेक्शन करना होगा सरेंडर, जानें बड़ी वजह

पकौड़े लेने गया पति, लौटकर देखा तो पत्नी गायब

बस स्टैंड पर इंतजार के दौरान रिमझिम ने अपने पति से कहा कि उसे भूख लगी है और पास की दुकान से गर्म पकौड़े लाने को कहा। पत्नी की बात सुनकर प्रीतम सिंह पास की दुकान पर चले गए। लेकिन जब वह कुछ ही मिनट बाद वापस लौटे तो पत्नी वहां मौजूद नहीं थी। पहले उन्हें लगा कि शायद वह आसपास कहीं गई होगी, लेकिन काफी देर तक तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया।

लोगों से पूछताछ, फिर पुलिस में शिकायत

पत्नी के अचानक गायब होने से घबराए प्रीतम सिंह ने बस स्टैंड पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी महिला को वहां से जाते हुए नहीं देखा। इसके बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी और पत्नी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई।

हल्द्वानी में गैस संकट गहराया: मेडिकल कॉलेज में रोटियां बनना हुआ मुश्किल; लकड़ी से बन रहा खाना

पुलिस ने शुरू की तलाश

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बिलारी क्षेत्राधिकारी Ashok Kumar Singh ने बताया कि महिला के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम उसकी तलाश में जुट गई है। आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और बस स्टैंड के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

कई तरह की चर्चाएं

फिलहाल महिला का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस का कहना है कि महिला के मिलने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

Location : 
  • Moradabad

Published : 
  • 15 March 2026, 1:47 AM IST