मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा, मौके पर ही थम गई युवक की सांसें; परिवार का सहारा छिन गया

मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र में लालूखेड़ी बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार अमित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 13 March 2026, 8:43 PM IST

Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तितावी थाना क्षेत्र के लालूखेड़ी बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और उसकी बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए।

शामली का रहने वाला था मृतक

मृतक की पहचान शामली जिले के धीमानपुरा निवासी अमित कुमार पुत्र रामेश्वर दयाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अमित गांव अलीपुर कला में ज्वैलर्स और जनरल स्टोर की दुकान चलाते थे और अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।

दिल्ली में काम के दौरान हादसा, महराजगंज के युवक की तीन मंजिल से गिरकर मौत, गांव में पसरा मातम

ईंटों से भरे ट्रक की चपेट में आया युवक

जानकारी के अनुसार अमित कुमार अपनी बाइक से शामली के धीमानपुरा से तितावी की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह लालूखेड़ी बस स्टैंड के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहा ईंटों से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक उनकी बाइक से टकरा गया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि अमित सड़क पर गिर पड़े और ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मौके पर मची अफरा-तफरी

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अमित की मौत हो चुकी थी। दुर्घटना में बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

BJP विधायक भूपेश चौबे के बयान पर सियासी भूचाल, सपा पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जताई कड़ी आपत्ति; जानिये क्या बोले?

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही तितावी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना स्थल का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताया जा रहा है।

परिवार में मचा कोहराम

अमित कुमार की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वह अपने परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे और उनकी ज्वैलर्स व जनरल स्टोर की दुकान से ही घर का खर्च चलता था। घटना के बाद इलाके के लोग भी गहरे सदमे में हैं और परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं।

 

Location : 
  • Muzaffarnagar

Published : 
  • 13 March 2026, 8:43 PM IST