हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source Internet)
Lucknow: राजधानी लखनऊ के गोमती नगर इलाके में विदेश मंत्रालय के नाम पर फर्जीवाड़े और हाईड्रामा का मामला सामने आया है। विकास खंड-3 स्थित होटल क्रिस्टेलिया में सोमवार को खुद को विदेश मंत्रालय का अधिकारी बताने वाले दो युवकों ने करीब एक घंटे तक हंगामा किया।
आरोप है कि दोनों ने होटल स्टाफ को बंधक बना लिया और होटल में मौजूद अन्य ग्राहकों को भी एक कमरे में बंद कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। बाद में पुलिस ने दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिनव सिंह और शिवम चौहान के रूप में हुई है। दोनों एक तुर्कमेनिस्तान की महिला की तलाश में होटल पहुंचे थे।
आरोपियों ने एक कार किराए पर ली थी और उस पर "विदेश मंत्रालय" लिखवा रखा था। होटल पहुंचने के बाद उन्होंने खुद को सरकारी अधिकारी बताया और अपनी पहचान का दबाव बनाते हुए होटल कर्मचारियों के साथ जबरदस्ती की।
पुलिस जांच में आरोपियों के पास से विदेश मंत्रालय के नाम से बने 478 फर्जी पहचान पत्र बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इन नकली ID कार्ड का इस्तेमाल कहां और किस उद्देश्य से किया जाना था।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इस फर्जीवाड़े में और कितने लोग शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस गिरोह के नेटवर्क और उसके मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि फर्जी सरकारी पहचान पत्र तैयार करने और उनका इस्तेमाल करने के मामले में आगे और कार्रवाई की जा सकती है।
Location : Lucknow
Published : 18 August 2026, 10:13 AM IST