
यूपी के बांदा में गर्मी का तांडव (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
Lucknow: उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी और लू (Heatwave) की चपेट में है। इस सीजन में पहली बार पारा 47°C के आंकड़े को पार कर गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान बांदा देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 47.4°C दर्ज किया गया। इसने पिछले 4 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इससे पहले साल 2022 में अप्रैल के अंत में यहां पारा 47°C के पार गया था।
वाराणसी में भी गर्मी ने बेहाल कर रखा है, जहां अप्रैल महीने में चौथी बार तापमान 45°C तक पहुंच गया। हालांकि, प्रदेश के मौसम में भिन्नता भी देखी जा रही है। जहां एक ओर 55 शहरों में लू चल रही है, वहीं ललितपुर में दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश हुई।
भीषण गर्मी का असर वन्यजीवों पर भी दिख रहा है; गोरखपुर चिड़ियाघर में गर्मी से राहत पाने के लिए भालू पानी से बाहर नहीं निकल रहे हैं।
ललितपुर में मौसम बदला
मौसम विभाग के अनुसार जल्द ही चिलचिलाती धूप से राहत मिल सकती है। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि सोमवार, 27 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से पश्चिमी यूपी और तराई क्षेत्रों में बूंदाबांदी और आंधी की संभावना है। 28 अप्रैल से पूरे प्रदेश में बारिश का सिलसिला शुरू होगा जो 1 मई तक जारी रह सकता है। इससे तापमान में 2 से 3°C की गिरावट आने की उम्मीद है।
आईएमडी (IMD) ने वर्तमान स्थिति को देखते हुए 55 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। दोपहर के समय तापमान 42°C से 45°C के बीच रहने का अनुमान है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर 12 से 3 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ख्याल रखने की सलाह दी है।
शनिवार को बांदा की गर्मी का आलम यह था कि वहां का तापमान सऊदी अरब (31°C) और पाकिस्तान के जैकोबाबाद (44°C) से भी अधिक दर्ज किया गया।
आगामी 5 दिनों का मौसम पूर्वानुमान:
27 अप्रैल: पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बौछारें, पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा।
28 अप्रैल: पूरे प्रदेश में हल्की बारिश और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना।
29 अप्रैल: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में अच्छी बारिश और तेज हवाओं के चलते रात के तापमान में गिरावट।
30 अप्रैल: प्रदेश भर में बारिश और बिजली गिरने की आशंका, दिन में गर्म हवाएं चलने के आसार।
01 मई: पश्चिमी यूपी में हल्की और पूर्वी यूपी में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी।
Location : Lucknow
Published : 26 April 2026, 8:02 PM IST