
हाथरस में पुलिस हिरासत में शख्स ने किया सुसाइड (इमेज सोर्स- इंटरनेट)
Hathras: यूपी के हाथरस से शुक्रवार को पुलिस महकमे में अफरातफरी मचाने वाली बड़ी खबर सामने आयी है। चंदपा कोतवाली में गुरुवार रात को एक शख्स ने पुलिस हिरासत में अपनी जीवन लीला समाप्त कर दी। घटना के बाद पुलिस महकमे में अफरातफरी मच गई।
मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में एसपी ने थाना प्रभारी और मुंशी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
जानकारी के अनुसार नाबालिग लड़की को ले जाने के मामले में लड़की के पिता ने 18 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बृहस्पतिवार को गाजियाबाद से किशोरी को सुरक्षित बरामद किया और आरोपी चंद्रपाल को हिरासत में थाने लाई थी। यहां लड़की को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया था तथा विधिक कार्रवाई चल रही थी।
मामले की जांच करती पुलिस
युवक गाजियाबाद का रहने वाला था। सोशल मीडिया पर उसकी एक मुस्लिम लड़की से जान-पहचान हुई थी। किशोरी के पिता ने युवक पर बेटी की किडनैपिंग का केस दर्ज कराया था।
पुलिस ने बताया कि इस बीच देर रात थाने में मौजूद आरोपी चंद्रपाल ने शौच जाने का बहाना बनाया। बताया जा रहा है कि बाथरूम के भीतर उसने अपने पास मौजूद गमछे से रोशनदान पर फंदा बनाकर फांसी लगा ली। जब काफी देर तक वह बाहर नहीं आया, तो पुलिसकर्मियों ने अंदर जाकर देखा।
युवक को फंदे से लटका देख पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। उसे आनन-फानन में उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
एसपी ने बताया कि इस मामले में चंदपा कोतवाली प्रभारी और ड्यूटी आरक्षी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच एएसपी रामानंद कुशवाहा को सौंपी गई है। थाने के सीसीटीवी फुटेज बरामद कर लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। मृतक के परिजनों के आरोपों के आधार पर जांच की जाएगी।
एसपी ने बताया किशोरी का मेडिकल कराया गया है। इसके बाद किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
Location : Hathras
Published : 24 April 2026, 3:32 PM IST