
प्रतीकात्मक छवि
Hapur: हापुड़ नगर पालिका क्षेत्र के मोहल्ला मंडी में पिछले 36 घंटे से पेयजल आपूर्ति ठप होने से लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। भीषण गर्मी के बीच क्षेत्रवासी दिन-रात पानी की व्यवस्था करने में जुटे हुए हैं। घरों में पीने के पानी से लेकर खाना बनाने तक का संकट खड़ा हो गया है।
हालात इतने खराब हो चुके हैं कि कई परिवारों को दूर-दराज इलाकों से पानी लाकर किसी तरह अपना काम चलाना पड़ रहा है। गर्मी के बीच पानी की किल्लत ने लोगों का जीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। महिलाएं और बच्चे भी पानी भरने के लिए इधर-उधर भटकते नजर आ रहे हैं।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर पालिका प्रशासन ने समस्या को गंभीरता से नहीं लिया। लोगों के विरोध के बाद करीब 36 घंटे बाद एक पानी का टैंकर मोहल्ले में भेजा गया, लेकिन सैकड़ों मकानों वाले इलाके के लिए एक टैंकर नाकाफी साबित हुआ। कई परिवारों को पर्याप्त पानी तक नहीं मिल सका।
स्थानीय निवासी अमित ने बताया कि अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में लोग पानी के लिए परेशान हैं, लेकिन प्रशासन स्थायी समाधान निकालने में नाकाम साबित हो रहा है।
मोहल्ले के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जलापूर्ति सुचारु नहीं हुई तो क्षेत्रवासी नगर पालिका कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। लोगों ने प्रशासन से तत्काल समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
Location : Hapur
Published : 24 May 2026, 3:20 PM IST