पशुओं के बाड़े में अचानक पहुंचा शख्स, दहलने के बाद भी ग्रामीण बहु के साहस को कर रहे सलाम

हमीरपुर के एक गांव में सुबह-सुबह ऐसी घटना हुई जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। पशु बाड़े में गई महिला के साथ हुई वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। सबसे चौंकाने वाली बात ये रही कि घायल होने के बावजूद महिला ने ऐसा साहस दिखाया, जिसकी चर्चा पूरे गांव में हो रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 13 May 2026, 3:41 PM IST

Hamirpur: हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला को गोली मार दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला धुंधपुर गांव का बताया जा रहा है, जहां महिला जानवरों को चारा डालने गई थी।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 5:30 बजे सरस्वती निषाद (37) पत्नी कमल निषाद अपने पशु बाड़े में काम कर रही थीं। तभी गांव का ही रहने वाला 56 वर्षीय अर्जुन वहां पहुंच गया। आरोप है कि उसने महिला को बदनीयती से पकड़ने की कोशिश की।

विरोध करते ही चला दी गोली

महिला ने जब आरोपी का विरोध किया तो उसने तमंचे से फायर कर दिया। गोली सरस्वती के बाएं कंधे को चीरते हुए निकल गई। गोली लगते ही महिला दर्द से चीख उठी, लेकिन इसके बाद भी उसने हिम्मत नहीं हारी। पीड़िता का आरोप है कि गोली चलाने के बाद आरोपी दोबारा तमंचा लोड करने लगा। इसी दौरान सरस्वती ने साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और उसे घसीटते हुए शोर मचाने लगीं।

गोरखपुर जेल में अब सुबह भी होगी बंदियों से मुलाकात, मुलाकातियों के लिए नई व्यवस्था लागू

महिला की बहादुरी से बची जान

महिला की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी घबराकर पास के एक कमरे में घुस गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। गांव में कुछ ही देर में भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सुमेरपुर थाना पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया और आरोपी अर्जुन को हिरासत में ले लिया।

जांच में जुटी पुलिस

घायल महिला को पहले सुमेरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों का दावा है कि पुलिस आरोपी को तमंचे समेत पकड़कर ले गई है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

मुकदमा वापस नहीं लिया तो होगा बुरा अंजाम… दबंगों की धमकियों से परेशान शिक्षक पहुंचा डीएम दरबार, लगाई न्याय की गुहार!

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के पीछे की वजहों को लेकर पूछताछ की जा रही है। गांव में घटना के बाद दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Location :  Hamirpur

Published :  13 May 2026, 3:41 PM IST