
हमीरपुर में NH-34 पर वैगनआर के उड़े परखच्चे (Source: Google)
Hamirpur: हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे 34 (NH-34) पर आज एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। एक अनियंत्रित ट्रक और वैगनआर कार के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में कार सवार चार श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे नाजुक हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
यह दर्दनाक दुर्घटना मौदहा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले छिरका गांव के पास हाईवे पर हुई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कानपुर रजिस्ट्रेशन नंबर की वैगनआर कार में कुल पांच लोग सवार थे, जो दर्शन के लिए निकले थे। छिरका गांव के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को सीधी टक्कर मार दी। भिड़ंत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वैगनआर कार के परखच्चे उड़ गए और उसकी सीटें तक उखड़कर बाहर आ गईं।
IPL 2026: पूरी तरह फिट होने के बाद भी क्यों नहीं खेल रहे MS Dhoni? चौंकाने वाली वजह आई सामने
हादसे के ठीक बाद मौके पर पहुंची मौदहा कोतवाली पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को कार से बाहर निकाला और तुरंत मौदहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। हालांकि, वहां मौजूद चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद तीन पुरुषों और एक महिला को मृत घोषित कर दिया। हादसे में जीवित बची एक अन्य महिला की हालत बेहद गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि सभी हताहत कानपुर के नवाबगंज इलाके के रहने वाले हैं।
बस्ती में घेराबंदी देखते ही गोवंश तस्कर ने निकाला तमंचा, फिर चली गोलियां, जवाबी कार्रवाई में…
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी तुरंत मौके पर और फिर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मृतकों के पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर उनकी शिनाख्त करने की कोशिश की और कानपुर में उनके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। परिजनों के आज शाम तक हमीरपुर पहुंचने की उम्मीद है, जिसके बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने दुर्घटना की जांच और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Location : Hamirpur
Published : 17 May 2026, 2:44 PM IST
Topics : Hamirpur Kanpur Maudaha NH 34 Road Accident