मुस्करा थाना बना रणभूमि: बच्चे की मौत के बाद थाने में घुसी भीड़, पुलिस पर हमला

शादी की खुशियों के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को हिला दिया। एक मासूम की मौत के बाद गुस्साई भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा और हालात इतने बिगड़ गए कि थाने तक हमला हो गया। पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई झड़प ने माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 14 May 2026, 12:52 PM IST

Hamirpur: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मुस्करा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात ऐसा बवाल हुआ कि पूरा इलाका दहशत में आ गया। एक शादी समारोह में शामिल होने आए 10 वर्षीय बच्चे की ट्रक से कुचलकर मौत के बाद आक्रोश इतना बढ़ा कि भीड़ ने पहले हाईवे जाम किया और फिर थाने के अंदर घुसकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। हालात इतने बिगड़े कि पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

बारात में शामिल होने आया था बच्चा

जानकारी के अनुसार जालौन जिले के दीपक राजपूत की बारात मुस्करा कस्बे के विक्रम पैलेस आई थी। द्वारचार और जयमाल की रस्में पूरी होने के बाद देर रात करीब तीन बजे बराती लौट रहे थे। इसी दौरान दूल्हे का 10 वर्षीय भांजा अनिकेत सड़क किनारे पहुंच गया। इसी बीच तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। लेकिन कुछ लोगों ने उसका पीछा किया, जिससे घबराकर वह मुस्करा थाने में घुस गया।

थाने में घुसकर लोगों ने किया हमला

ट्रक चालक के थाने में घुसने के बाद भीड़ का गुस्सा और भड़क गया। आक्रोशित परिजन और ग्रामीण भी थाने में घुस गए और हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की हुई और कुछ लोगों ने एक पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़कर मारपीट भी कर दी। थाने के अंदर अफरा-तफरी मच गई और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।

Aligarh Fake Medicine Racket: नामी ब्रांड के नाम पर जहर का कारोबार! 4 जिलों की टीम ने खोला बड़ा राज

हाईवे पर शव रखकर जाम

इसके बाद गुस्साई भीड़ ने सागर-मिर्जापुर हाईवे पर बच्चे का शव रखकर जाम लगा दिया। सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मौके पर पहुंचे सीओ राठ राजीव प्रताप सिंह ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ नहीं मानी। इसी दौरान कुछ महिलाओं ने उनके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

लाठीचार्ज में कई लोग घायल

पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के बाद भीड़ को तितर-बितर किया गया। इस दौरान कुछ लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस ने मौके से कई लोगों को हिरासत में लिया है और स्थिति पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है।

Prayagraj: PCS अफसर ज्योति विवाद में नया मोड़, पति आलोक मौर्य ने लगाया सनसनीखेज आरोप

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

घटना के बाद पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है, जिसने थाने में घुसकर खुद को भीड़ से बचाने की कोशिश की थी। एसपी स्तर के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Hamirpur

Published :  14 May 2026, 12:52 PM IST