मरम्मत के नाम पर सिर्फ लीपापोती? बेतवा पुल में फिर उधड़ा जॉइंटर, हमीरपुर में मंडराया हादसों का साया

हमीरपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर बेतवा नदी के पुल का जॉइंटर टूटने और लोहे की सरिया दिखाई देने से सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल तकनीकी जांच, मरम्मत और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 July 2026, 1:17 PM IST

Hamirpur: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर बने पुल की जर्जर हालत एक बार फिर चिंता का विषय बन गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-34 (NH-34) पर स्थित इस पुल के कोठियों (सेगमेंट) को जोड़ने वाला जॉइंटर टूट गया है, जबकि उसका एक हिस्सा पूरी तरह गायब बताया जा रहा है। टूटे हुए हिस्से से लोहे की सरिया साफ दिखाई दे रही है, जिससे पुल की मजबूती और उस पर सफर करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

टूटे जॉइंटर से दिख रही लोहे की सरिया

स्थानीय लोगों के अनुसार, पुल के जॉइंटर का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका है। जहां जॉइंटर होना चाहिए, वहां अब खाली जगह और लोहे की सरियों का जाल दिखाई दे रहा है। ऐसे में रोजाना इस पुल से गुजरने वाले हजारों वाहनों और राहगीरों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।

Hamirpur: गले में जंजीर डालकर सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, सरकार को दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

NH-34 का अहम हिस्सा है बेतवा पुल

बेतवा नदी पर बना यह पुल राष्ट्रीय राजमार्ग-34 का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो कानपुर को सागर से जोड़ता है। इस मार्ग पर प्रतिदिन भारी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। पुल की खराब स्थिति के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।

निर्माणाधीन पुल हादसे के बाद भी नहीं चेता प्रशासन

गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले हमीरपुर जिले में एक निर्माणाधीन पुल गिरने से 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इसके बावजूद पुलों की नियमित जांच और रखरखाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो यह पुल भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

Hamirpur: छानी बुजुर्ग के किसानों का टूटा सब्र, जानिए यूरिया मिलने में क्यों आ रही है इतनी परेशानी

स्थानीय लोगों ने की तत्काल कार्रवाई की मांग

क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से पुल का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराने, क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत करने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते कदम उठाए जाने चाहिए।

Location :  Hamirpur

Published :  25 July 2026, 1:17 PM IST