बच्चों ने सोचा- मां दिवाली पर कपड़े दिलाएंगी, लेकिन उससे पहले ही ट्रक वाले ने मार डाला

ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बदायूं निवासी दो महिलाओं की मौत हो गई। दोनों महिलाएं सड़क पार कर रही थीं और एक निजी कंपनी में काम करती थीं। हादसे के बाद फरार हुए ट्रक चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 30 October 2026, 1:31 PM IST
ग्रेटर नोएडा। कासना थाना क्षेत्र में सड़क पार कर रही दो महिलाओं को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने पीछा कर ट्रक को कब्जे में ले लिया और चालक को हिरासत में ले लिया।

यूपीसीडा कंपनी कट के सामने हुआ हादसा

हादसा कासना थाना क्षेत्र में यूपीसीडा कंपनी कट के सामने चौराहे पर हुआ। मंगलवार रात दोनों महिलाएं सड़क पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक ट्रक लेकर सिरसा की तरफ भाग निकला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायल महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

बदायूं की रहने वाली थी दोनों महिलाएं

मृत महिलाओं की पहचान बदायूं जिले के जरीफनगर थाना क्षेत्र के दहगवां गांव निवासी मनीषा (45) और हिम्मतपुर गांव निवासी विमलेश (43) के रूप में हुई है। दोनों ग्रेटर नोएडा में एक निजी कंपनी में काम करती थी। हादसे की खबर मिलने के बाद उनके परिवारों में मातम छा गया।

पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया, चालक हिरासत में

हादसे के बाद कासना कोतवाली पुलिस ने ट्रक की तलाश शुरू की। पुलिस ने आगे जाकर ट्रक को रोक लिया और उसे कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। दोनों महिलाओं के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतकों के स्वजन की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

Location :  Greater Noida

Published :  30 October 2026, 1:05 PM IST