26 जनवरी 2026 की भव्य गणतंत्र दिवस परेड में जब राजपथ पर कदमताल गूंज रही थी, तब गोरखपुर की बेटी वंशिका ने अपने आत्मविश्वास और अनुशासन से पूरे जिले का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया।महराजगंज जनपद के बेलवा गांव की निवासी वंशिका बीए प्रथम वर्ष की छात्रा हैं…पढिए पूरी खबर

राजपथ पर गूंजा गोरखपुर का नाम
गोरखपुर: 26 जनवरी 2026 की भव्य गणतंत्र दिवस परेड में जब राजपथ पर कदमताल गूंज रही थी, तब गोरखपुर की बेटी वंशिका ने अपने आत्मविश्वास और अनुशासन से पूरे जिले का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। सेंट एंड्रयूज डिग्री कॉलेज की छात्रा एवं 15 यूपी गर्ल्स बटालियन की एनसीसी कैडेट वंशिका ने राष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर महाविद्यालय और पूर्वांचल का नाम रोशन किया है।
राष्ट्रीय स्तर पर परचम
महराजगंज जनपद के बेलवा गांव की निवासी वंशिका बीए प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। कड़े चयन और कई चरणों की कठिन प्रशिक्षण प्रक्रिया से गुजरने के बाद उन्हें देश की सबसे प्रतिष्ठित परेड में शामिल होने का अवसर मिला। राजपथ पर उनकी दमदार उपस्थिति ने यह साबित कर दिया कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर भी बेटियां राष्ट्रीय स्तर पर परचम लहरा सकती हैं।
पीएम रैली मेडल से सम्मानित
उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वंशिका को महानिदेशालय एनसीसी, नई दिल्ली की ओर से आरडीसी मेडल, प्रमाण-पत्र एवं पीएम रैली मेडल से सम्मानित किया गया। साथ ही एनसीसी निदेशालय उत्तर प्रदेश द्वारा उन्हें प्रशस्ति प्रमाण-पत्र और उत्कृष्टता मेडल प्रदान किया गया। यह सम्मान न केवल उनकी मेहनत का परिणाम है, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का क्षण है।
महाविद्यालय की गौरवशाली परंपरा
कॉलेज परिसर में उनके लौटते ही हर्ष और उत्साह का माहौल छा गया। प्राचार्य प्रो. एस. डॉमनिक राजकुमार ने कहा कि वंशिका की उपलब्धि महाविद्यालय की गौरवशाली परंपरा को और सशक्त करती है। उन्होंने कहा कि यह सफलता अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा बनेगी और एनसीसी इकाई भविष्य में भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराती रहेगी।
एनसीसी अधिकारी कैप्टन प्रो. निधि लाल एवं 15 यूपी गर्ल्स बटालियन के अधिकारियों ने भी वंशिका को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षकों व कर्मचारियों ने इसे संस्थान के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया
गोरखपुर मंडल में उत्साह की लहर
वंशिका की इस कामयाबी से कॉलेज ही नहीं, पूरे गोरखपुर मंडल में उत्साह की लहर है। छात्र-छात्राएं अब उन्हें आदर्श मानकर एनसीसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। गोरखपुर की इस बेटी ने साबित कर दिया कि हौसले बुलंद हों तो राजपथ तक की राह भी आसान हो जाती है।