
जमीन बेचकर ठगी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार
Gorakhpur: जनपद में जमीन की खरीद-फरोख्त के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना चिलुआताल पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है। दोनों अभियुक्तों पर आरोप है कि इन्होंने फर्जी दस्तावेज तैयार कर वादी की जमीन को अवैध रूप से बेच दिया और मोटी रकम हड़प ली।
क्या है पूरी घटना?
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर द्वारा अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली। पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष चिलुआताल के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विनोद सिंह पुत्र परशुराम सिंह निवासी ग्राम रामूडीहा थाना एम्स और अनिल यादव पुत्र राधेश्याम यादव निवासी नारायनपुर थाना एम्स के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना चिलुआताल में मु0अ0सं0 130/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार
घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी जमीन को बिना जानकारी के फर्जी कागजात बनाकर बेच दिया गया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और साक्ष्य जुटाकर आरोपियों की पहचान कर ली। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष सूरज सिंह, उपनिरीक्षक अजय, कांस्टेबल महेश चौबे, कांस्टेबल अनिल यादव और कांस्टेबल सचिन्द्र शाह शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भी जांच की जा रही है और यदि किसी अन्य की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि गोरखपुर पुलिस जमीन संबंधी धोखाधड़ी जैसे गंभीर अपराधों पर सख्ती से नकेल कस रही है। आम जनता से भी अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की संपत्ति खरीदने से पहले दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच अवश्य कर लें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।
Location : Gorakhpur
Published : 25 April 2026, 9:40 PM IST
Topics : Gorakhpur News Latest News UP News क्राइम