गोरखपुर में चोरी के खेल का पर्दाफाश, कबाड़ में खपाने से पहले पुलिस ने बरामद किया पंपिंग सेट इंजन

गोरखपुर में पंपिंग सेट इंजन चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किया गया इंजन और वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन बरामद किया है।पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 19 September 2026, 10:40 PM IST

Gorakhpur: चिलुआताल थाना क्षेत्र में पंपिंग सेट इंजन चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया पंपिंग सेट इंजन और वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया है।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मुकदमे में बरामदगी से संबंधित धारा की बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक चिलुआताल सूरज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

17 सितंबर को चोरी, शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर 2026 को अज्ञात चोरों ने वादी का पंपिंग सेट इंजन चोरी कर लिया था। घटना के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर चिलुआताल थाने में मुकदमा अपराध संख्या 741/26, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए चोरी गए इंजन की बरामदगी और आरोपियों की तलाश के लिए कार्रवाई तेज की।

जिसे बेटे की हिफाजत करनी थी, उसी पर उठा हथियार! गोरखपुर में पिता पर बेटे की हत्या के प्रयास का केस

आरोपियों से बरामद सामान

जांच के दौरान पुलिस टीम ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से चोरी का एक पंपिंग सेट इंजन और घटना में इस्तेमाल की गई पिकअप बरामद हुई है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) भारतीय न्याय संहिता की बढ़ोतरी की गई है।

गोरखपुर में पूर्व सभासद का मिला शव, राकेश कसौधन की मौत बनी रहस्य

गिरफ्तारी आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष चौहान निवासी रहमत नगर, प्रिंस चौहान और रोहित पासवान निवासी सोनबरसा, थाना चिलुआताल तथा सुमेर चौहान और सूरज चौहान निवासी टोला लक्ष्मीपुर, जंगल कौड़िया, थाना पीपीगंज के रूप में हुई है।

पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सूरज सिंह, उपनिरीक्षक रवि राजन कुमार, कांस्टेबल अंकित यादव, राहुल पाल, अंकित कुमार, निशान्त जायसवाल और रोहित कुमार शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  19 September 2026, 10:37 PM IST