गोरखपुर: निलंबित संविदा बिजलीकर्मी पर दबंगों का हमला, बिजली न बनाने पर पीटा — चारों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

गोला थाना क्षेत्र में दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां निलंबित संविदा बिजलीकर्मी को बिजली कनेक्शन बनाने से मना करना इतना महंगा पड़ा कि चार लोगों ने उसका पीछा कर बीच सड़क पर मारपीट कर दी। घटना के बाद पीड़ित ने थाने में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 14 August 2025, 8:48 PM IST

Gorakhpur: गोला थाना क्षेत्र में दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां निलंबित संविदा बिजलीकर्मी को बिजली कनेक्शन बनाने से मना करना इतना महंगा पड़ा कि चार लोगों ने उसका पीछा कर बीच सड़क पर मारपीट कर दी। घटना के बाद पीड़ित ने थाने में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

ग्राम परसिया निस्फीराजा निवासी संजय सिंह, जो पहले विद्युत विभाग में संविदा पर कार्यरत थे और वर्तमान में निलंबन की अवधि में हैं, ने बताया कि 12 अगस्त को वे किसी काम से बर्राह चौराहे पर खड़े थे। इस दौरान बेलनापार गांव के गुंजन, गोविंद, दयाल और प्रदुम वहां पहुंचे और उनसे तत्काल बिजली कनेक्शन बनाने की मांग करने लगे।

संजय सिंह ने बताया कि उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे फिलहाल ड्यूटी पर नहीं हैं और कनेक्शन बनाने का कार्य उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। इस बात पर आरोपियों ने पहले मौखिक रूप से दबाव डाला और फिर धमकी भरे लहजे में बात करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख संजय वहां से निकलकर ककरही गांव के पेट्रोल पंप पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उनका पीछा किया और वहां घेरकर उन्हें बेरहमी से पीटा।

पीड़ित के अनुसार, हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं और वे इस घटना से मानसिक रूप से भी आहत हैं। उनका कहना है कि आरोपियों का रवैया बेहद आक्रामक था और वे जान से मारने की धमकी दे रहे थे। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, जिसके बाद संजय ने थाने पहुंचकर पूरी घटना की लिखित शिकायत दी।

इस मामले में कोतवाल अंजुल चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों — गुंजन, गोविंद, दयाल और प्रदुम — के खिलाफ धारा 115(2), 352, 351(3) और 126(2) में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती हैं और प्रशासन को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की दबंगई करने से पहले सौ बार सोचे।

Location :  Gorakhpur

Published :  14 August 2025, 8:48 PM IST