Gorkhpur News : प्लेट गिरने पर हुआ विवाद बना खूनी संघर्ष, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के आरोप में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। डीजे पर डांस और भोजन के दौरान हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था, जिसमें एक युवक की जान चली गई थी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 10 June 2026, 7:57 PM IST

Gorkhpur : शाहपुर थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद के बाद हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के आरोप में फरार चल रहे एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अभियान के तहत आरोपी को किया गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, जनपद में अपराधियों की धरपकड़ और लंबित मामलों के निस्तारण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष शाहपुर राकेश रोशन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान बोरा उर्फ अजय पुत्र दरोगा उर्फ कालीचरन, निवासी महादेव झारखंडी टुकड़ा नंबर-1, थाना एम्स, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।

Gorkhpur Rape: ब्लॉगर ने यूट्यूबर को बनाया हवस का शिकार, कोल्ड ड्रिंक में मिलाकर लड़की का किया ये हाल

डीजे पर डांस और प्लेट गिरने से शुरू हुआ था विवाद

पुलिस के मुताबिक, यह मामला 8 मई 2026 का है। एक शादी समारोह में डीजे पर डांस करने और भोजन के दौरान प्लेट गिर जाने की घटना को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई थी। मामूली विवाद कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान वादी के भाई को आरोपियों ने बुरी तरह पीट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी और मृतक के परिजनों में आक्रोश व्याप्त था।

मुकदमा दर्ज होने के बाद फरार था आरोपी

पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर शाहपुर थाने में मुकदमा संख्या 200/2026 के तहत हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।

पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी

गहन तलाश और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आखिरकार आरोपी बोरा उर्फ अजय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।

गिरफ्तारी टीम में पुलिसकर्मी भी शामिल

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राकेश रोशन सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राकेश कुमार सिंह, कांस्टेबल अभिषेक सिंह तथा कांस्टेबल जय प्रकाश यादव शामिल रहे। पुलिस ने कहा है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Location :  gorakhpur

Published :  10 June 2026, 7:57 PM IST