“अगर उस वक्त किसान मौजूद होते तो…”, गोरखपुर में भरभराकर गिरी जर्जर छत; 271 बोरी खाद मलबे में दबी

गोरखपुर के सहजनवा क्षेत्र में साधन सहकारी समिति की जर्जर छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद समिति में रखा खाद का बड़ा स्टॉक मलबे में दब गया। गनीमत रही कि घटना के वक्त खाद लेने के लिए किसानों की भीड़ मौजूद नहीं थी।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 25 September 2026, 1:48 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर जिले के सहजनवा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत भरसार में स्थित साधन सहकारी समिति भवन की जर्जर छत शुक्रवार को अचानक भरभराकर गिर गई। छत गिरने से समिति में रखा खाद का स्टॉक मलबे में दब गया। संयोग रहा कि जिस समय छत गिरी, उस वक्त किसानों को खाद का वितरण नहीं किया जा रहा था।

अगर वितरण के दौरान यह हादसा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद समिति परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

लंबे समय से नहीं कराई गई मरम्मत

बताया जा रहा है कि साधन सहकारी समिति का भवन लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ा था। भवन की छत और अन्य हिस्सों की स्थिति काफी खराब थी। ग्रामीणों के अनुसार भवन की मरम्मत की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी, लेकिन समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। बारिश के बीच शुक्रवार को जर्जर छत अचानक भरभराकर नीचे आ गई।

ये भी पढ़ें- अब बारिश थमी तो ही बचेगी फसल! तीन दिन की बारिश और तेज हवा ने गिराया धान, खेतों में पानी से बढ़ी किसानों की मुश्किल

किसानों को देने के लिए रखा गया था खाद

वर्तमान समय में किसानों को खाद उपलब्ध कराने के लिए समिति के सचिव द्वारा खाद का स्टॉक मंगाकर जर्जर भवन में रखा गया था। छत गिरने से करीब 200 बोरी यूरिया, 48 बोरी पोटास और 23 बोरी डीएपी मलबे में दब गई। बारिश के कारण मलबा भीग रहा है, जिससे खाद के खराब होने और भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। मलबा हटाने का काम भी बारिश के चलते चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि अगर जर्जर भवन की स्थिति को पहले ही गंभीरता से लेते हुए खाद को सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया जाता तो नुकसान से बचा जा सकता था। साथ ही, खाद वितरण के दौरान किसानों की भीड़ समिति परिसर में रहती है। ऐसे में छत गिरने की घटना गंभीर परिणाम दे सकती थी।

ये भी पढ़ें- रात में घर में सोया था करोड़पति किसान, सुबह लहूलुहान मिली लाश; बंद दरवाजे ने बढ़ाया रहस्य

इस संबंध में एडीओ सहकारिता रामकेश ने बताया कि साधन सहकारी समिति के भवन की छत पूरी तरह जर्जर हो चुकी थी और वह मरम्मत कराने लायक स्थिति में नहीं थी। उन्होंने बताया कि खाद को सुरक्षित रखने के लिए उसे बगल के कमरे में रखवाया जा रहा है।

Location :  Gorakhpur

Published :  25 September 2026, 1:48 PM IST