गोरखपुर में फिर फेल हुई बिजली व्यवस्था, कमिश्नर की फटकार के बाद बंद हुआ रुस्तमपुर उपकेंद्र

गोरखपुर में कमिश्नर Anil Dhingra की फटकार के पांच घंटे बाद ही रुस्तमपुर उपकेंद्र फिर बंद हो गया। लोड बैलेंसिंग के दौरान जंपर कटने से 15 हजार घरों की बिजली ठप हो गई। नाराज लोगों ने सड़क जाम की कोशिश की, जबकि विभाग मरम्मत कार्य में जुटा रहा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 May 2026, 8:02 AM IST

Gorakhpur: गोरखपुर में बिजली व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। कमिश्नर की सख्ती और अधिकारियों की बैठक के महज पांच घंटे बाद ही रुस्तमपुर उपकेंद्र फिर बंद हो गया। इससे करीब 15 हजार से ज्यादा घरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। भीषण गर्मी और उमस के बीच अचानक बिजली कटने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

दो दिन पहले भी इसी उपकेंद्र में खराबी आने के कारण पूरी रात लोगों को बिना बिजली के गुजारनी पड़ी थी। लगातार हो रही बिजली कटौती से क्षेत्रवासियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

कमिश्नर ने की थी अभियंताओं की बैठक

बिजली संकट को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार शाम कमिश्नर Anil Dhingra ने विद्युत विभाग के सभी अभियंताओं की बैठक बुलाई थी। बैठक में बिजली आपूर्ति को सुचारु रखने और तकनीकी खामियों को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए गए थे। अधिकारियों को चेतावनी दी गई थी कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हालांकि बैठक खत्म होने के कुछ घंटों बाद ही रुस्तमपुर उपकेंद्र में फिर तकनीकी खराबी आ गई, जिससे विभाग की तैयारियों पर सवाल खड़े हो गए।

लोड बैलेंसिंग के दौरान कटा जंपर

जानकारी के मुताबिक रुस्तमपुर उपकेंद्र को बरहुआ पारेषण उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति की जाती है। शुक्रवार रात अभियंताओं ने ट्रांसफार्मरों का लोड बैलेंसिंग कार्य शुरू किया था ताकि ओवरलोडिंग की समस्या को कम किया जा सके। कुछ ट्रांसफार्मरों का लोड सफलतापूर्वक संतुलित भी किया गया।

भट्ठी बना यूपी! आगरा-बांदा समेत कई जिलों में रेड अलर्ट, 33 शहरों में लू का खतरा

लेकिन रात करीब 10 बजे एक ट्रांसफार्मर का लोड बैलेंस करते समय अचानक जंपर कट गया। इसके बाद पूरे उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। विभागीय टीम ने तुरंत खराबी खोजने का प्रयास शुरू किया, लेकिन देर रात तक समस्या का समाधान नहीं हो सका।

सड़क जाम करने पहुंचे लोग, पुलिस ने हटाया

लगातार बिजली संकट से नाराज लोगों का गुस्सा सड़क पर उतर आया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग गोरखपुर-लखनऊ राजमार्ग जाम करने पहुंच गए। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और लाठी पटककर भीड़ को वहां से हटाया।

रोतोंरात सोशल मीडिया पर छाने वाली Cockroach Janta Party के संस्थापक Abhijeet Dipke का इंस्टाग्राम हैक

विभाग ने पांच जेई लगाए

नगरीय विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता Ankit Kumar ने बताया कि लोड बैलेंसिंग के दौरान जंपर कटने से समस्या उत्पन्न हुई है। खराबी दूर करने के लिए पांच जूनियर इंजीनियरों की टीम लगाई गई है और जल्द आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

Location :  Gorakhpur

Published :  23 May 2026, 8:02 AM IST