गोरखपुर में राप्ती के बढ़ते पानी ने बढ़ाई चिंता, खतरे के निशान के करीब पहुंचा जलस्तर; प्रशासन अलर्ट

गोरखपुर के बर्डघाट पर राप्ती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों ने पानी के खतरे के निशान पार करने की आशंका जताई है। प्रशासन ने 24×7 कंट्रोल रूम के साथ सभी संबंधित अधिकारियों और बचाव टीमों को अलर्ट किया है।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 29 September 2026, 7:00 PM IST

Gorakhpur: उत्तरप्रदेश के गोरखपुर जिले में राप्ती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ की आशंका गहराने लगी है। बर्डघाट क्षेत्र में नदी का पानी सामान्य से ऊपर बह रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक पिछले दो दिनों से जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा है और यदि पानी इसी तरह बढ़ता रहा तो खतरे के निशान को पार कर सकता है।

बर्डघाट पर बढ़ते पानी से स्थानीय लोगों की चिंता

बर्डघाट क्षेत्र में नदी के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि पिछले दो दिनों से राप्ती का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। लोगों को आशंका है कि अगले एक-दो दिनों में पानी और बढ़ा तो स्थिति गंभीर हो सकती है।

नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए स्थानीय लोग भी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

ये भी पढ़ें: गजाला हत्याकांड: साली को ज्यादा दहेज मिला तो भड़का पति, विवाद के बाद पत्नी की हत्या; गिरफ्तार

आपदा विभाग ने बताया- सभी टीमें अलर्ट

संभावित बाढ़ के खतरे को लेकर आपदा विशेषज्ञ गोरखपुर गौतम गुप्ता ने बताया कि जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें पूरी तरह मुस्तैद हैं। उनके मुताबिक राप्ती नदी के जलस्तर में होने वाले उतार-चढ़ाव की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि आपदा कार्यालय में 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

SDM से लेकर नाविक और गोताखोर तक अलर्ट

गौतम गुप्ता के अनुसार, क्षेत्र के सभी SDM, लेखपाल, तहसीलदार और ग्राम प्रधानों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। इसके अलावा नाविकों और गोताखोरों को भी तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

ये भी पढ़ें: गोरखपुर में 10 साल के बच्चे की गुमशुदगी से मची हलचल, पुलिस ने सकुशल खोज निकाला

संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के साथ भी समन्वय किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से प्रभावित अथवा संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति का लगातार जायजा लिया जा रहा है। फिलहाल प्रशासन राप्ती नदी के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को तैयार रखा गया है।

Location :  Gorakhpur

Published :  29 September 2026, 7:00 PM IST