
गोरखपुर में रक्षाबंधन के दिन बड़ा हादसा
Gorakhpur: सहजनवां। रक्षाबंधन पर्व की खुशियों के बीच गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक गरीब परिवार की खुशियां छीन लीं। सहजनवां थाना क्षेत्र में शाम करीब 7:05 बजे तेज रफ्तार काली स्कॉर्पियो की चपेट में आने से शिवम निषाद की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रक्षाबंधन के चलते सड़क पर काफी भीड़ थी। इसी दौरान काली स्कॉर्पियो तेज रफ्तार से आई और शिवम को जोरदार टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वाहन की गति करीब 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटा थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिवम गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला।
स्थानीय लोगों और परिजनों ने गंभीर हालत में शिवम को तत्काल सहजनवां के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान शिवम निषाद पुत्र राम कमल, निवासी ग्राम सीहापारि टोला पिपराही, थाना सहजनवां, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। शिवम वर्तमान में ग्राम सभा महुआपार में रहीगीर होटल के सामने किराये के मकान में रहकर परिवार का भरण-पोषण करते थे और गैलेंट में काम करते थे। परिजनों के मुताबिक वह मेहनती और परिवार की जिम्मेदारियों को संभालने वाला युवक था।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने वाहन चालक पर नशे में होने की आशंका भी जताई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। लोगों ने पुलिस-प्रशासन से घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित कराते हुए आरोपी चालक और वाहन की तत्काल पहचान करने की मांग की है।
परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच, आरोपी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी, वाहन चालक की नशे की स्थिति से जुड़े साक्ष्यों की जांच और दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मृतक के गरीब परिवार को आर्थिक सहायता देने की भी अपील की गई है। हादसे ने रक्षाबंधन के दिन तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Location : Gorakhpur
Published : 27 August 2026, 10:39 PM IST