Gorakhpur Encounter: माल्हनपार रोड पर तड़के गूंजी गोलियां, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पकड़ा गया गोवंश कांड का आरोपी

गोरखपुर के गोला क्षेत्र में गोवंश अवशेष मिलने के मामले में पुलिस और बदमाशों के बीच तड़के हुई मुठभेड़। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हुआ जबकि दूसरा गिरफ्तार। दो फरार आरोपियों की तलाश जारी, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था कायम।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 October 2026, 7:50 AM IST

Gorakhpur: गोरखपुर जिले के थाना गोला क्षेत्र के धौंसहर गांव में गोवंश के अवशेष मिलने के बाद से ही इलाके में जनाक्रोश और तनाव बना हुआ था। पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए तुरंत गोवध निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की थी।

अज्ञात आरोपियों तक पहुँचने के लिए खाकी लगातार दबिश दे रही थी। शनिवार तड़के पुलिस को इस मामले में उस वक्त बड़ी सफलता हाथ लगी, जब अपराधियों की तलाश में जुटी टीम का आमना-सामना सीधे आरोपियों से हो गया।

चीनी मिल माल्हनपार रोड पर तड़के मुठभेड़

शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे गोला थाना पुलिस चीनी मिल माल्हनपार रोड के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक मुखबिर से गुप्त सूचना मिली कि दो बाइकों पर सवार होकर चार संदिग्ध बदमाश उसी रास्ते से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत रणनीति बदली और सड़क पर कड़ी घेराबंदी शुरू कर दी। कुछ ही देर में संदिग्ध वाहन वहां पहुँचे, जिन्हें पुलिस ने रुकने का इशारा किया।

Shahid Ali Property: गोरखपुर में गैंगस्टर की 1.22 करोड़ की जमीन जब्त, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बदमाशों ने की फायरिंग, पुलिस का जवाबी हमला

खुद को पुलिस से घिरा देखकर बदमाशों ने सरेंडर करने के बजाय अपनी पिस्तौल निकालकर पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग के बाद पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी रक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई गोलियों की तड़तड़ाहट के बीच पुलिस की एक गोली मुख्य आरोपी अब्दुल रहमान उर्फ राजू के दाहिने पैर में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।

एक गिरफ्तार, दो अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

फायरिंग और अफरा-तफरी के दौरान बदमाशों की दूसरी बाइक लहराकर सड़क पर गिर गई। पुलिस टीम ने तुरंत तेजी दिखाते हुए मौके से नूरूल हसन नाम के दूसरे आरोपी को चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया।

हालांकि, तड़के के घने अंधेरे का फायदा उठाकर दो अन्य साथी मौके से भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने घटना स्थल से मोटरसाइकिलों और अन्य संदिग्ध सामानों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

आग की लपटों में स्वाहा हुआ 8 लाख का सामान, जल गया उधारी का रजिस्टर: गोरखपुर के सिकरीगंज में कृषि सेवा केंद्र में भीषण अग्निकांड

घायल अस्पताल में भर्ती, क्षेत्र में शांति

गोली लगने से घायल अब्दुल रहमान को पुलिस तुरंत उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला लेकर गई, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार हुए दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद से पूरे इलाके में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति कायम है।

Location :  Gorakhpur

Published :  3 October 2026, 7:50 AM IST