
गोरखपुर में आपदा से निपटने का महाअभ्यास (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
Gorakhpur: शहर के प्रमुख पर्यटन केंद्र रामगढ़ताल (नौकायन) पर गुरुवार उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब पार्किंग क्षेत्र में दो जोरदार धमाकों की आवाज गूंजी। जान बचाने के लिए पर्यटकों में भगदड़ मच गई और घबराए पांच युवक सीधे गहरे ताल में कूद पड़े। हालांकि, कुछ ही पलों में स्पष्ट हो गया कि यह किसी आतंकी हमले या हादसे की हकीकत नहीं, बल्कि जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र की मुस्तैदी परखने के लिए आयोजित एक 'मेगा रेस्क्यू मॉक ड्रिल' थी।
सुबह करीब 11 बजे बड़े तिरंगे के समीप स्थित पार्किंग में हुए इन काल्पनिक धमाकों की सूचना कंट्रोल रूम को मिलते ही शहर का समूचा प्रशासनिक और सुरक्षा अमला हरकत में आ गया। रामगढ़ताल थाना पुलिस ने तत्काल क्षेत्र की घेराबंदी कर आम नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। उधर, झील में कूदे युवकों को बचाने के लिए एनडीआरएफ एसडीआरएफ और 26वीं वाहिनी पीएसी की बाढ़ राहत टीमों ने मोटरबोट के जरिए पानी में उतरकर बेहद कम समय में सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सर्च ऑपरेशन के दौरान डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने पार्किंग व आसपास के इलाकों की सघन तलाशी ली। इस दौरान टीम को दो अन्य संदिग्ध वस्तुएं (डमी बम) बरामद हुईं, जिन्हें सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया गया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने भी संभावित आगजनी पर काबू पाने का अभ्यास किया।
अभ्यास के दौरान धमाके की चपेट में आए 12 और पानी में डूबने से प्रभावित 5 कुल 17 लोगों को घायल दर्शाया गया। घायलों को त्वरित चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए एम्स गोरखपुर की टीम ने अपनी अत्याधुनिक पोर्टेबल चिकित्सा इकाई 'भीष्म क्यूब' (का प्रदर्शन किया। इसकी मदद से पास ही स्थित बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह परिसर में महज कुछ ही मिनटों के भीतर एक चलता-फिरता अस्पताल खड़ा कर घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया गया।
जिलाधिकारी दीपक मीणा के निर्देशन और जिला आपदा विशेषज्ञ गौतम गुप्ता के समन्वय में संपन्न हुए इस संयुक्त अभ्यास में पुलिस, पीएसी, एनडीआरएफ, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) और आपदा मित्रों सहित 200 से अधिक जवान व कर्मचारी शामिल रहे। अधिकारियों के मुताबिक, इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य किसी भी अप्रिय स्थिति या आपदा के समय विभिन्न एजेंसियों के बीच आपसी तालमेल और रिस्पॉन्स टाइम को और बेहतर बनाना है।
Location : Gorakhpur
Published : 27 November 2026, 5:48 AM IST