जनपद के खोराबार क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुर के समीप चार किशोरों के डूबने की सूचना से बुधवार शाम इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की खबर मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करा दिया गया।

किशोर की तलाश में जुटी एनडीआरएफ टीम (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
Gorakhpur: जनपद के खोराबार क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुर के समीप चार किशोरों के डूबने की सूचना से बुधवार शाम इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की खबर मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करा दिया गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ की टीम को आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर तैनात कर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया, जो देर शाम तक लगातार जारी रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लापता बच्चों में बीरू उर्फ अमन राजभर (15) पुत्र रामसमुझ, अनिकेत यादव (13) पुत्र सत्येंद्र यादव निवासी रानीडीहा थाना कैंट, विवेक निषाद (15) पुत्र सतीश निषाद निवासी मालवीय नगर थाना कैंट तथा गगन पासवान (15) पुत्र संतदेव निवासी जंगल सिकरी थाना खोराबार शामिल हैं। सभी किशोर आसपास के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं और घटना के समय एक साथ मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि शाम करीब 6 बजे घटना की सूचना उपजिलाधिकारी सदर दीपक गुप्ता द्वारा इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को दी गई। इसके बाद आपदा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एनडीआरएफ की आरआरसी 11वीं वाहिनी चारगांवा और वाराणसी मुख्यालय से संपर्क कर रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा। टीम ने पहुंचते ही स्थानीय गोताखोरों और पुलिस के सहयोग से तलाशी अभियान तेज कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी दीपक मीणा भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बचाव कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया।
गोरखपुर में दिल दहला देने वाली वारदात, इस शक ने ली महिला की जान, गांव में तनाव
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। गांव में लोगों की भारी भीड़ जुट गई है और हर कोई बच्चों के सकुशल मिलने की दुआ कर रहा है। प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, वहीं देर रात तक सर्च अभियान जारी रहने की संभावना जताई जा रही है।