गीडा थाना क्षेत्र से विदेश भेजने के नाम पर बेरोजगार युवक से 10 लाख 10 हजार रुपये की जालसाजी का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि रिश्तेदारी का फायदा उठाकर जालसाजों ने न सिर्फ भारी रकम हड़प ली…पढिए पूरी खबर

विदेश भेजने के नाम पर ठगी
गोरखपुर: जनपद ले गीडा थाना क्षेत्र से विदेश भेजने के नाम पर बेरोजगार युवक से 10 लाख 10 हजार रुपये की जालसाजी का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि रिश्तेदारी का फायदा उठाकर जालसाजों ने न सिर्फ भारी रकम हड़प ली, बल्कि युवक को सिंगापुर में बेसहारा छोड़ दिया, जहां वह भूखे रहने को मजबूर हो गया।
क्या है पूरी खबर?
गीडा थाना क्षेत्र के ग्राम बनगावा निवासी राम सहाय मौर्य पुत्र स्वर्गीय लालसा मौर्य ने थाने में दी गई शिकायत में बताया कि उनका बेटा प्रिंस मौर्य बेरोजगार था। इसी दौरान राम सहाय की बहन का बेटा, जो वर्तमान में कनाडा में रहकर मजदूरी करता है, ने प्रिंस को विदेश भेजने का झांसा दिया। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि प्रिंस को अल्बेनिया भेजा जाएगा और इसमें कुल 10.10 लाख रुपये का खर्च आएगा।
अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर
आरोप है कि झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर कर दिए। सहजनवां थाना क्षेत्र के जोनहिया निवासी बहन के बेटे के बैंक खाते में 7.90 लाख रुपये और उसके एक दोस्त, जो उत्तराखंड का निवासी बताया जा रहा है, के गूगल-पे अकाउंट में 2.20 लाख रुपये भेजे गए।
इसके बाद आरोपियों ने अल्बेनिया भेजने के बजाय प्रिंस को सिंगापुर टूरिस्ट वीजा पर भेज दिया। सिंगापुर पहुंचने के बाद न तो कोई काम दिलाया गया और न ही रहने-खाने की कोई व्यवस्था की गई। पीड़ित परिवार का कहना है कि प्रिंस वहां भूख और बदहाली में फंस गया, जबकि जालसाज लगातार उसे अल्बेनिया भेजने का झूठा आश्वासन देते रहे।
आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
किसी तरह प्रिंस अपनी जान बचाकर भारत वापस लौटा। घर आने के बाद जब पीड़ित परिवार ने आरोपियों से अपने पैसे वापस मांगे तो उन्होंने साफ इंकार कर दिया। इसके बाद राम सहाय मौर्य ने गीडा थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सभी पहलुओं की जांच
इस मामले में गीडा थानाध्यक्ष महेश कुमार चौबे ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में लिया गया है। दूसरे पक्ष को भी थाने बुलाया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।।स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश है और उन्होंने विदेश भेजने के नाम पर हो रही ठगी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।