Gorakhpur News: नौकरी की उम्मीद पड़ी भारी, सामने आई चौंकाने वाली घटना

नौकरी का सपना दिखाकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह पर शाहपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 5 February 2026, 8:06 PM IST

Gorakhpur: नौकरी का सपना दिखाकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह पर शाहपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। फर्जी दस्तावेज और ज्वाइनिंग लेटर के सहारे भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब साढ़े सात लाख रुपये हड़पने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे धोखाधड़ी विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्ता पार्वती उर्फ मुस्कान पुत्री स्वर्गीय खिरोधन शर्मा निवासी जोगम, थाना गौरी बाजार, जनपद देवरिया (वर्तमान पता कूड़ाघाट विशुनपुरा, थाना एम्स, जनपद गोरखपुर) को थाना शाहपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्ता के खिलाफ थाना शाहपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 236/2025 व 237/2025, धारा 420, 467, 468, 471 और 120बी भारतीय दंड संहिता के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Kaushambi: गांव पहुंचे डीएम अमित पाल, चौपाल में सुनीं समस्याएं, स्वास्थ्य-शिक्षा योजनाओं का किया निरीक्षण

कैसे रची गई ठगी की साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्ता व उसके साथियों ने वादी की बहन को एम्स दिल्ली में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके बदले वादी से कुल 7,46,000 रुपये की धनराशि वसूल की गई। बाद में विश्वास में लेने के लिए कूटरचित दस्तावेज और फर्जी ज्वाइनिंग लेटर तैयार कर सौंप दिया गया। जब पीड़ित को सच्चाई का पता चला तो उसने थाना शाहपुर में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष शाहपुर चन्द्रभान सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने सक्रियता दिखाते हुए अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे ठगी के पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।

अपराधिक इतिहास भी आया सामने

गिरफ्तार अभियुक्ता के खिलाफ पहले से ही थाना शाहपुर में इसी तरह के दो मुकदमे दर्ज हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वह योजनाबद्ध तरीके से नौकरी के नाम पर लोगों को ठगने का काम कर रही थी।

Road Accident: गोरखपुर में दर्दनाक हादसा,10 दिन पहले हुआ था तिलक और अब…

गिरफ्तारी करने वाली टीम

इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष चन्द्रभान सिंह, उपनिरीक्षक मधुरेश त्रिवेदी, उपनिरीक्षक सत्यम सिंह, महिला उपनिरीक्षक दुर्गेश नंदिनी और महिला कांस्टेबल खुशबू शामिल रहीं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति या एजेंट को रुपये न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 5 February 2026, 8:06 PM IST