झंगहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब 15 वर्षीय नाबालिग लड़की अपने प्रेमी से शादी की जिद को लेकर करीब 200 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। टंकी के ऊपर पहुंचकर वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी कि यदि उसकी शादी उसके बॉयफ्रेंड से नहीं कराई गई तो वह कूद जाएगी।

प्रेमी से शादी की जिद पर हाई वोल्टेज ड्रामा
Gorakhpur: झंगहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब 15 वर्षीय नाबालिग लड़की अपने प्रेमी से शादी की जिद को लेकर करीब 200 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। टंकी के ऊपर पहुंचकर वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी कि यदि उसकी शादी उसके बॉयफ्रेंड से नहीं कराई गई तो वह कूद जाएगी। इस घटनाक्रम से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
क्या है पूरी घटना?
जानकारी के अनुसार, लड़की अपने घर से कुछ ही दूरी पर स्थित टंकी पर चढ़ गई थी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। परिजन भी जल्द ही वहां पहुंच गए और उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं थी। बार-बार टंकी की रेलिंग के पास जाकर खड़े होने से स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
एक घंटे ड्रामे
करीब एक घंटे तक चले इस ड्रामे के बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची झंगहा पुलिस ने हालात संभालते हुए लड़की को शांत करने की कोशिश शुरू की। काफी देर तक समझाने के बावजूद जब वह नहीं मानी, तो पुलिस ने उसके 17 वर्षीय प्रेमी को भी मौके पर बुलवाया।
सिंदूर, माला और शादी से जुड़ा सामान मंगवाया
लड़की को भरोसा दिलाने के लिए पुलिस और ग्रामीणों ने अनोखा तरीका अपनाया। मौके पर सिंदूर, माला और शादी से जुड़ा सामान मंगवाया गया, ताकि उसे विश्वास दिलाया जा सके कि उसकी बात सुनी जा रही है। इन सबको देखने के बाद लड़की का भरोसा बना और करीब डेढ़ घंटे बाद वह टंकी से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई।
नाबालिग अवस्था में शादी करना कानूनन गलत
नीचे उतरते ही पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली, लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। जब पुलिस ने उसे नाबालिग होने के कारण शादी न करने की समझाइश दी, तो वह फिर से टंकी की ओर दौड़ने लगी। हालांकि, सतर्क पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे रोक लिया और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद पुलिस दोनों को थाने ले गई, जहां काउंसलिंग के जरिए उन्हें समझाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नाबालिग अवस्था में शादी करना कानूनन गलत है और इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।