खजनी में बाढ़ राहत का रियलिटी चेक, एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर जांची राशन किट की स्थिति

गोरखपुर के बेलघाट में सोमवार को प्रशासन अचानक एक्शन मोड में नजर आया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बिना सूचना दिए मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की पड़ताल की तो कहीं राशन किट वितरण की हकीकत जांची गई, तो कहीं स्कूल और थाने की व्यवस्थाओं का रियलिटी चेक हुआ।

Gorakhpur: ख़जनी तहसील क्षेत्र में सोमवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम खजनी कुणाल रस्तोगी ने बेलघाट क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं और बाढ़ प्रभावित परिवारों को वितरित की गई राशन किट की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्राथमिक विद्यालय कूरी बाजार और थाना बेलघाट का जायजा लिया। विद्यालय में अध्यापक उपस्थित मिले, जबकि विद्युत व्यवस्था में खामियां सामने आईं।

एसडीएम ने संबंधित कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राशन किट वितरण की स्थिति का निरीक्षण किया। प्रशासन की ओर से जिन विद्यालयों को राशन किट वितरण के लिए भेजा गया था, वहां से पात्र परिवारों तक राहत सामग्री पहुंची या नहीं, इसकी वास्तविक स्थिति जानने के लिए उन्होंने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।

किट का निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने वितरित की गई राशन किट की संख्या का अवलोकन किया। उन्होंने किट में शामिल सामग्री की भी जानकारी ली। एक राशन किट में परिवारों की दैनिक जरूरतों से जुड़ी 16 प्रकार की उपयोगी वस्तुएं शामिल थीं। इनमें आलू, खाद्य तेल, माचिस, मोमबत्ती, आटा, चावल सहित अन्य आवश्यक सामग्री रखी गई थी। बाढ़ प्रभावित परिवारों को संकट के समय खाद्य सामग्री और जरूरी घरेलू सामान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन किट का वितरण किया गया।

गोरखपुर नगर निगम में टैक्स वसूली पर सख्ती! 40% लक्ष्य के मुकाबले कहीं 21% तो कहीं 34% ; अफसरों को चेतावनी

राहत कार्यों की प्रगति की जानकारी

बताया गया कि बेलघाट क्षेत्र के दो बाढ़ प्रभावित इलाकों में कुल 3300 पैकेट राशन किट पात्र व्यक्तियों को वितरित किए गए थे। एसडीएम ने वितरण की संख्या और लाभार्थियों तक सामग्री पहुंचने की स्थिति का अवलोकन करते हुए राहत कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

राजस्व विभाग की टीम रही मौजूद

निरीक्षण के दौरान राजस्व विभाग की टीम भी मौजूद रही। संबंधित हल्का लेखपाल, राजस्व निरीक्षक टीम के साथ लेखपाल कौटिल्य दुबे ने भी मौके पर उपस्थित होकर निरीक्षण कार्य में सहयोग किया। एसडीएम ने राहत सामग्री के वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने और पात्र परिवारों तक सरकारी सहायता पहुंचाने पर जोर दिया।

चुनावी बिगुल से पहले अलर्ट मोड में गोरखपुर प्रशासन, ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था का हुआ रियलिटी चेक

प्रशासनिक अधिकारियों के इस निरीक्षण से बाढ़ प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही राहत सामग्री के वितरण की निगरानी को गति मिली है। अधिकारियों ने क्षेत्रीय स्तर पर व्यवस्थाओं और राहत कार्यों की स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Location :  Gorakhpur

Published :  22 September 2026, 2:50 AM IST

Advertisement