रीयल एस्टेट के नाम पर करोड़पति बनने का सपना दिखाकर लाखों की ठगी, फर्जी कंपनी का सीईओ गिरफ्तार

गोरखपुर के पीपीगंज क्षेत्र में निवेश के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो खुद को रियल एस्टेट कंपनी का सीईओ बताकर लोगों को ऊंचे मुनाफे और जमीन देने का झांसा देता था। आरोपी पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 June 2026, 9:19 PM IST

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के पीपीगंज पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक श्रीवास्तव निवासी टीचर कॉलोनी, पीपीगंज के रूप में हुई है। आरोपी खुद को SIDDHATVA INFRA SOLUTIONS PVT. LTD. का CEO बताकर लोगों के बीच भरोसेमंद कारोबारी की छवि बनाता था। इसके बाद वह लोगों को कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का सपना दिखाकर निवेश के लिए प्रेरित करता था। आरोपी दावा करता था कि निवेश करने पर 15 से 20 प्रतिशत तक रिटर्न मिलेगा और साथ ही 2000 वर्ग फीट जमीन भी निवेशक के नाम रजिस्ट्री कर दी जाएगी।

छह महीने में ठगे गए 11.66 लाख रुपये

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के झांसे में आकर एक व्यक्ति ने करीब छह महीने के दौरान नकद और ऑनलाइन माध्यम से कुल 11 लाख 66 हजार रुपये निवेश कर दिए।पीड़ित को उम्मीद थी कि उसे तय समय पर मुनाफा और जमीन दोनों मिलेंगे, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी न तो कोई लाभ मिला और न ही जमीन की रजिस्ट्री कराई गई।

 पैसा मांगने पर दी गई धमकी

जब पीड़ित ने अपना पैसा वापस मांगा तो आरोपी और उसके साथियों ने कथित रूप से उसे धमकाना शुरू कर दिया। आरोप है कि जान से मारने की धमकी देकर उसे चुप रहने का दबाव बनाया गया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामले की जांच शुरू हुई।

जांच में सामने आए और भी चौंकाने वाले तथ्य

पुलिस जांच के दौरान पता चला कि आरोपी कई मामलों में दूसरों की जमीन को अपनी बताकर निवेशकों को भ्रमित करता था। वह फर्जी योजनाएं बनाकर लोगों से रकम वसूलता था और बाद में वादे पूरे नहीं करता था। पुलिस को आशंका है कि आरोपी के जाल में कई अन्य लोग भी फंस चुके हैं। अब उसके नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

पीपीगंज थाना पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी अभिषेक श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, गाली-गलौज और धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

लोगों से पुलिस की अपील

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले कंपनी, जमीन और उससे जुड़े दस्तावेजों की पूरी जांच अवश्य करें। बिना सत्यापन के किसी भी आकर्षक ऑफर पर भरोसा न करें। गोरखपुर में सामने आया यह मामला निवेश के नाम पर होने वाली ठगी से सावधान रहने का संदेश देता है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और उसके साथ इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल था।

Location :  Gorakhpur

Published :  24 June 2026, 9:19 PM IST