गोरखपुर में अज्ञात शव मिलने से हड़कंप, पहचान नहीं होने से उलझी गुत्थी

हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्राम पंचायत तुलसी रतन के सिवान में सड़क किनारे एक खेत में करीब 55 वर्षीय अज्ञात अधेड़ का शव पड़ा मिला।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 27 July 2026, 1:04 AM IST

Gorakhpur: हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्राम पंचायत तुलसी रतन के सिवान में सड़क किनारे एक खेत में करीब 55 वर्षीय अज्ञात अधेड़ का शव पड़ा मिला। शव की हालत देखकर आसपास के ग्रामीण दहशत में आ गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मृतक के नाक, कान और आंख से खून निकल रहा था, जिससे उसकी मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

जानकारी के अनुसार, सुबह ग्रामीणों की नजर सड़क किनारे स्थित राम बचन यादव के खेत में पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी। पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही हरपुर बुदहट थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष प्रेम नारायण सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

गोरखपुर में शादी की तैयारी के बीच बड़ी चोरी, जेवर और नकदी किसने उड़ाई?

मृतक की शिनाख्त नहीं

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से उसकी पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक कोशिश के बावजूद मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक की उम्र लगभग 55 वर्ष बताई जा रही है। उसने लाल रंग की शर्ट और काले रंग की पैंट पहन रखी थी। उसके शरीर पर मौजूद परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुट गई है।

गोरखपुर में ग्राउंड रिपोर्ट सुधरने तक कोई राहत नहीं! 7 दरोगा समेत 42 पुलिसकर्मियों का तबादला, जानें वजह

शिनाख्त न होने के कारण पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी के मामलों का मिलान कराने के साथ ही मृतक की पहचान के लिए अन्य माध्यमों का भी सहारा ले रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

ग्रामीणों का कहना है कि मृतक स्थानीय निवासी नहीं प्रतीत होता। वहीं पुलिस का कहना है कि पहचान होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अज्ञात अधेड़ की मौत रहस्य बनी हुई है और पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  27 July 2026, 12:52 AM IST