हिंदी
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर जनपद के हरपुर बुदहट क्षेत्र स्थित सुगौना गांव में तेज आंधी और बारिश के बाद बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। विद्युत पोल और तार क्षतिग्रस्त होने के कारण गांव के कई मोहल्लों में पिछले 10 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप पड़ी हुई है।
गांव में बिजली न होने से लोग भीषण गर्मी और उमस में जीने को मजबूर हैं। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। वहीं पेयजल संकट भी गहराता जा रहा है क्योंकि घरों में पानी की सप्लाई मोटरों के जरिए होती है, जो बिजली न होने से बंद है।
मालवीय नगर अग्निकांड पर बड़ा खुलासा, होटल के पास नहीं थी NOC; 6 कमरों की अनुमति और हो रहा था ये काम
बुधवार को नाराज ग्रामीणों ने अमर शहीद मूर्ति स्थल के पास प्रदर्शन कर बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की। लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद विभाग केवल आश्वासन दे रहा है।
प्रदर्शन में अनिल मद्धेशिया, अविनाश चौरसिया, विकास कुमार, आर्यन कुमार और संदीप कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे। लोगों ने तख्तियां लेकर विभागीय उदासीनता के खिलाफ विरोध जताया।
“विपक्षियों से मिले हैं दरोगा…”, बदायूं में पीड़ित दुकानदार ने SSP से मांगी सुरक्षा की गुहार
मामले पर अवर अभियंता रविन्द्र कुमार चौबे ने बताया कि समस्या संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि आंधी के दौरान पोल टूटने से आपूर्ति बाधित हुई थी और मरम्मत कार्य के दौरान एक और पोल क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने आश्वासन दिया कि नया पोल लगाकर जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
फिलहाल सुगौना गांव के लोग 10 दिनों से अंधेरे और उमस के बीच जीवन बिता रहे हैं। ग्रामीणों की उम्मीद अब विभाग के वादों पर टिकी है कि कब तक बिजली बहाल कर राहत दी जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 3 June 2026, 3:15 PM IST