हिंदी
चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में आस्था, परंपरा और भक्ति का भव्य संगम देखने को मिला। मंदिर के पीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कन्या पूजन किया। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी
गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी ने किया कन्या पूजन (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
गोरखपुर: चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में आस्था, परंपरा और भक्ति का भव्य संगम देखने को मिला। मंदिर के पीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कन्या पूजन किया। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और वातावरण "जय माता दी" के जयकारों से गूंजता रहा।
समाज में नारी सम्मान का सशक्त संदेश
मुख्यमंत्री ने छोटी-छोटी कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनके चरण पखारे और विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने कन्याओं को चुनरी ओढ़ाई, तिलक लगाया और पूरे श्रद्धाभाव से उनका सम्मान किया। इसके बाद कन्याओं को प्रसाद स्वरूप भोजन कराया गया।
शांति और खुशहाली की कामना
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्र में कन्या पूजन भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। नारी को शक्ति स्वरूप मानकर उसकी पूजा करना हमारी संस्कृति की विशेषता है। उन्होंने कहा कि यह परंपरा हमें नारी के सम्मान और संरक्षण का संदेश देती है। साथ ही उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
भंडारे का आयोजन भव्य स्तर पर
गोरखनाथ मंदिर में हर वर्ष की तरह इस बार भी नवरात्र के दौरान विशेष पूजा-अर्चना, अनुष्ठान और भंडारे का आयोजन भव्य स्तर पर किया जा रहा है। दूर-दराज से आए श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन और आशीर्वाद के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में मेले जैसा माहौल बना हुआ है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की ओर से साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।