एक पुरानी दुश्मनी ने कैसे बदल दी पूरी कहानी? गोरखपुर की घटना ने चौंकाया

सहजनवा थाना क्षेत्र के उज्जिखोर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। वारदात में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसे बचाने पहुंचे दो ग्रामीणों के साथ भी मारपीट की गई।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 27 July 2026, 11:45 PM IST

Gorakhpur: सहजनवा थाना क्षेत्र के उज्जिखोर गांव में रविवार की रात पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। वारदात में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसे बचाने पहुंचे दो ग्रामीणों के साथ भी मारपीट की गई। घायल का उपचार जिला अस्पताल में कराया जा रहा है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर सात नामजद तथा दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, उज्जिखोर निवासी गंगाशरण पुत्र रामसुमेर रविवार की रात करीब आठ बजे सहजनवा बाजार से अपने घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही वह गांव के पास डोमहर स्थित पोखरे के समीप पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें रोक लिया।

पुरानी रंजिश के चलते हमला

आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने गंगाशरण पर अचानक हमला बोल दिया और धारदार हथियार से कई वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले के दौरान युवक मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।

घटना के समय साथ चल रहे गांव के दो लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी, जिससे उन्हें भी चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए।

ग्रामीणों की मदद से घायल गंगाशरण को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

चेन लूटने वाली बताईं गलत नाम: जांच में निकलीं गोरखपुर की काजल, लाला, सुल्हरी और सुनीता, जानें कैसे उड़ाती थीं लोगों के होश

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने पर सहजनवा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर सात नामजद तथा दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

बच्चों की पहचान छिपाना होगी पहली जिम्मेदारी… गोरखपुर में पुलिस ने बाल सुरक्षा को लेकर कसे अफसरों के पेंच

पुलिस का बयान

इस संबंध में थाना प्रभारी बलराम पांडेय ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही सभी नामजद और अज्ञात आरोपियों की पहचान कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  27 July 2026, 11:44 PM IST