
गोरखपुर में मामूली बात पर बड़ा बवाल (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
Gorakhpur: गोला थाना क्षेत्र के डड़वापार चौराहे पर शनिवार दोपहर बाइक पर बैठाने से इनकार करना एक युवक को महंगा पड़ गया। आरोप है कि दो युवकों ने उसे रोककर पहले गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडों व हाथ-पैरों से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इतना ही नहीं, हमलावरों ने उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही गोला पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोला भेजा। पीड़ित ने मामले में थाने में नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, गोला थाना क्षेत्र के ग्राम नर्रे निवासी 20 वर्षीय अंकुर यादव शनिवार अपराह्न किसी निजी कार्य से डड़वापार चौराहे पर आए थे। काम पूरा करने के बाद वह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान चौराहे पर मौजूद डड़वापार निवासी राजकुमार यादव और सत्तीराम यादव ने उन्हें रोक लिया और बाइक पर बैठाकर ले जाने की बात कही।
अंकुर के मना करने पर दोनों आरोपी भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए अंकुर के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में अंकुर को गंभीर चोटें आईं, जबकि उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। पीड़ित का आरोप है कि जाते-जाते आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
मारपीट होते देख आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए। घटना की सूचना मिलते ही गोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए सीएचसी गोला भेजा, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।
पीड़ित अंकुर यादव ने गोला थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 5 July 2026, 12:12 AM IST