Shahid Ali Property: गोरखपुर में गैंगस्टर की 1.22 करोड़ की जमीन जब्त, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

गोरखपुर में कैंट पुलिस ने गैंगस्टर शाहिद अली की करीब 1.22 करोड़ रुपये कीमत की जमीन जब्त की है। जिलाधिकारी के आदेश पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कार्रवाई की। जमीन जंगल नकहा नंबर-02 में स्थित है और फर्जी दस्तावेजों से जुड़े मामलों में आरोपी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 2 October 2026, 7:34 AM IST

Gorakhpur: संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कैंट पुलिस ने गैंगस्टर शाहिद अली के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी गोरखपुर के आदेश के अनुपालन में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने शाहिद अली की करीब 1 करोड़ 22 लाख 50 हजार रुपये कीमत की जमीन जब्त कर ली। यह कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत की गई।

फर्जी दस्तावेजों से संपत्ति अर्जित करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, शाहिद अली और उसके गिरोह के सदस्यों पर कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और फर्जी शस्त्र लाइसेंस के जरिए अवैध रूप से शस्त्रों की खरीद-फरोख्त करने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धनराशि से अचल संपत्तियां खरीदे जाने की जानकारी सामने आने के बाद संपत्ति जब्ती की कार्रवाई की गई।

जंगल नकहा नंबर-02 में है जमीन

जब्त की गई संपत्ति जंगल नकहा नंबर-02 में स्थित है। राजस्व अभिलेखों में इसका विवरण खाता संख्या 0020 और गाटा संख्या 358 मीटर के रूप में दर्ज है। पुलिस ने जमीन की अनुमानित कीमत 1,22,50,000 रुपये बताई है।

Bareilly: ओसवाल मिल पर लगा ताला, कर्मचारियों को बाहर निकलवाकर कटवाई बिजली, अब होगी नीलामी

2019 से दर्ज है मुकदमा

पुलिस के मुताबिक, शाहिद अली पुत्र शहादत अली निवासी नकहा नंबर-02, घोसीपुरवा, थाना चिलुआताल के खिलाफ कैंट थाने में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा वर्ष 2019 में उसके खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल से संबंधित मुकदमा भी दर्ज किया गया था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ मु0अ0सं0 147/2021 में धारा 3(1) गैंगस्टर एक्ट तथा मु0अ0सं0 778/2019 में धारा 419, 420, 467, 468, 471, 465, 474 और 120बी भादवि के तहत मामले दर्ज हैं।

पुलिस और राजस्व टीम रही मौजूद

कार्रवाई के दौरान कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक जीतेन्द्र कुमार सिंह, नायब तहसीलदार पिपराईच अंकाक्षा पासवान, राजस्व निरीक्षक दिनेश शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह, हल्का लेखपाल राजीव बघेल, आमीन अजय ओझा और रिजर्व कांस्टेबल हरप्रीत सिंह बग्गा समेत पुलिस एवं राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संगठित अपराध में शामिल आरोपियों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ संपत्ति जब्ती की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  2 October 2026, 7:34 AM IST