
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर जिले में जमीन हड़पने और फर्जी बैनामा करने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना गुलरिहा पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी सूर्यसांत उर्फ सूर्यकांत को गिरफ्तार कर लिया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सूर्यसांत उर्फ सूर्यकांत लंबे समय से फरार था और उसकी तलाश लगातार की जा रही थी। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष गुलरिहा की टीम ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक आदर्श पांडेय और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।
जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह के रूप में काम करता था। यह गैंग असली जमीन मालिक की जगह फर्जी व्यक्ति को खड़ा कर नकली दस्तावेज तैयार करता था और जमीन का बैनामा करा देता था।
अब नहीं परेशान करेगा तेज हॉर्न का आतंक! आनंदनगर में अचानक छापेमारी से बाइक सवारों में मची खलबली
इसके जरिए ये लोग भोले-भाले और अनजान लोगों से मोटी रकम वसूलते थे। लंबे समय से यह गिरोह इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहा था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। उस पर भारतीय दंड संहिता की धारा 419, 420, 467, 468, 471, 120B, 504 और 506 के तहत मुकदमे चल रहे हैं। इसके अलावा गैंगस्टर एक्ट की धाराओं में भी कार्रवाई की गई है।
महराजगंज में उपासा की नई कार्यकारिणी का गठन, इनको मिली जिम्मेदीरी
पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से पूरे गिरोह को बड़ा झटका लगा है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य साथियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों ने साफ किया है कि जमीन माफियाओं के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस घटना के बाद पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे जमीन खरीदते समय सभी दस्तावेजों की सही तरीके से जांच करें। किसी भी तरह की जल्दबाजी या लापरवाही उन्हें बड़े नुकसान में डाल सकती है।
Location : Gorakhpur
Published : 19 April 2026, 11:23 AM IST