
ई-रिक्शा में महिला की चेन चोरी (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Gorakhpur: ई-रिक्शा में सफर के दौरान महिला को बातों में उलझाकर उसकी सोने की चेन चोरी करने के मामले में राजघाट पुलिस ने एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई पीली धातु की चेन बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। बरामद चेन का वजन लगभग 11.88 ग्राम है।
पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में चोरी का सामान रखने से संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर 2026 को पीड़िता ने राजघाट थाने में तहरीर देकर शिकायत की थी कि राजघाट थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा से यात्रा के दौरान कुछ महिलाओं ने उसे अपने झांसे में ले लिया। बातचीत और छल के जरिए उसे भ्रमित कर उसके गले से सोने की चेन चोरी कर ली गई। घटना की जानकारी होने पर पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की।
तहरीर के आधार पर थाना राजघाट में मुकदमा अपराध संख्या 214/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) और 303(2) में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
महिला के साथ हुई इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू की। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कोतवाली के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष राजघाट गौरव कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुरागरसी और जांच के आधार पर वांछित अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया।
राजघाट पुलिस ने किया चेन चोरी का खुलासा (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
गिरफ्तार महिला की पहचान सुभावती देवी पत्नी गुल्लू निवासी गरथौली सिधुआपार, थाना बड़हलगंज, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई एक पीली धातु की चेन बरामद की। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) और 3(5) की बढ़ोतरी की गई है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुधीर कुमार श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक योगेन्द्र पाण्डेय, उपनिरीक्षक रजनीश मिश्र, उपनिरीक्षक मोहम्मद शादाब, कांस्टेबल सोनू प्रसाद, सुनील यादव, महिला आरक्षी श्वेता यादव और महिला कांस्टेबल आकांक्षा श्रीवास्तव शामिल रहीं।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद ई-रिक्शा में सफर करने वाली महिलाओं को सतर्क रहने की जरूरत एक बार फिर सामने आई है। अनजान सहयात्रियों के बहकावे में आने से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।
Location : Gorakhpur
Published : 30 November 2026, 2:00 AM IST