ढाई साल तक शोरूम से गायब होते रहे गहने, जांच में सामने आए चौंकाने वाले खुलासा

शहर के एक प्रतिष्ठित ज्वैलरी शोरूम में लंबे समय से चल रहे बेहद शातिर चोरी के खेल का कैण्ट पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है।दोनों आरोपित पिछले करीब ढाई वर्षों से बेहद सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दे रही थीं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 15 June 2026, 9:13 PM IST

Gorakhpur: शहर के एक प्रतिष्ठित ज्वैलरी शोरूम में लंबे समय से चल रहे बेहद शातिर चोरी के खेल का कैण्ट पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने दुकान में सेल्स पर्सन के रूप में कार्यरत दो युवतियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 9.50 लाख रुपये नकद और करीब 15.50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। दोनों आरोपित पिछले करीब ढाई वर्षों से बेहद सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दे रही थीं।

आरोपितों की पहचान

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुस्कान गुप्ता निवासी हसनगंज लालडिग्गी, गोरखपुर तथा नगमा खातून निवासी शक्तिनगर, कसया जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना कैण्ट में दर्ज मुकदमा में कार्रवाई की गई है।

नकली जेवर रखे होने का खुलासा

पुलिस के अनुसार, ज्वैलरी शोरूम के मालिक ने मार्च माह में स्टॉक ऑडिट कराया तो कई महंगे आभूषणों की जगह नकली जेवर रखे होने का खुलासा हुआ। कुछ सोने के गहनों का वजन भी कम पाया गया। जांच में मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

UP विधानभवन के सामने मां-बेटी ने क्यों किया आत्मदाह का प्रयास? जानें वजह

आभूषणों में कई लटकन लगे

पूछताछ में सामने आया कि दोनों युवतियां शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की रेंज और ब्लाइंड स्पॉट की पूरी जानकारी रखती थीं। इसी का फायदा उठाकर वे स्ट्रांग रूम में रखे असली सोने और हीरे के आभूषण निकाल लेती थीं तथा उनकी जगह हूबहू डिजाइन वाले नकली गहने रख देती थीं। जिन आभूषणों में कई लटकन लगे होते थे, उनमें से एक-दो लटकन भी चोरी-छिपे तोड़कर निकाल लेती थीं ताकि तुरंत किसी को संदेह न हो।

बदायूं में आंधी का कहर: पेड़ गिरने से ई-रिक्शा सवार महिला की मौत, परिजनों में कोहराम

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि चोरी किए गए आभूषणों को नेपाल में बेच दिया जाता था और प्राप्त धन से दोनों अपनी पसंद के जेवर एवं अन्य सामान खरीदती थीं। पुलिस ने उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण, चांदी के सामान तथा नकदी बरामद की है। पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में कैण्ट पुलिस की टीम ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Location :  गोरखपुर

Published :  15 June 2026, 9:05 PM IST