
साइबर ठगों की काली कमाई का रास्ता बंद,
Gorakhpur: साइबर अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में गोरखपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना, एसओजी और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में म्यूल खाते खुलवाकर अवैध धनराशि का लेनदेन करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, 20 सिम कार्ड और 20 सिम रैपर बरामद किए गए हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सिकरीगंज थाना क्षेत्र के फरेंदिया बुजुर्ग निवासी अमन कुमार, बारीगांव निवासी संतोष कुमार तथा बिजौरा निवासी सत्यम सिंह के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ साइबर थाना गोरखपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 22/2024 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धारा 66सी और 66डी के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।
जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों के नाम पर म्यूल खाते खुलवाते थे और उनके क्यूआर कोड का इस्तेमाल कर साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि का लेनदेन करते थे। इसके बाद रकम को अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर उसकी वास्तविक पहचान छिपाने का प्रयास किया जाता था। इस तरीके से साइबर अपराधियों को अवैध रकम को वैध दिखाने में मदद मिलती थी।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के कब्जे से मिले मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। जांच के आधार पर यह पता लगाया जाएगा कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा किन राज्यों तक इसकी पहुंच है। संभावना है कि पूछताछ में कई और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे नेटवर्क से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 27 July 2026, 1:20 AM IST