गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते 18 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घर से बुलाकर ले जाने के बाद हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से नाराज परिजन और ग्रामीणों ने मेडिकल कॉलेज गेट के सामने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

युवक की मौत के बाद हंगामा
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के जिला गोरखपुर में रविवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब चिलुआताल थाना क्षेत्र के तेनहुआ गांव में पुरानी रंजिश को लेकर 18 वर्षीय अरुण की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि गांव के ही विशाल नामक युवक ने अरुण को उसके घर से बाहर बुलाया था। कुछ ही देर बाद दोनों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद हमलावरों ने अरुण पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में दहशत फैल गई। परिजन और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के बारे में पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई।
मृतक के परिजनों के अनुसार, विशाल नाम का युवक अरुण को घर से बुलाकर ले गया था। कुछ दूरी पर पहले से मौजूद अन्य युवकों के साथ मिलकर उसने विवाद किया और फिर गोली चला दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।
UP Crime: खोराबार पुलिस की सख्त कार्रवाई, हत्या के प्रयास के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार हत्या से नाराज परिजन और स्थानीय लोगों ने मेडिकल कॉलेज गेट के सामने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। सड़क जाम होने से यातायात प्रभावित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक बातचीत के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न पैदा हो।