Gorakhpur: खजनी तहसील समाधान दिवस में मची अफरा-तफरी, कमिश्नर-डीआईजी के सामने उमड़े फरियादी

जनपद के दक्षिणांचल क्षेत्र स्थित खजनी तहसील में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस उस समय अचानक चर्चा का केंद्र बन गया, जब कमिश्नर अनिल ढिगरा और डीआईजी शिव शिल्पी चिनप्पा औचक निरीक्षण के लिए पहुंच गए। पढ़ें पूरी खबर

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 2 May 2026, 3:44 PM IST

Gorakhpur: जनपद के दक्षिणांचल क्षेत्र स्थित खजनी तहसील में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस उस समय अचानक चर्चा का केंद्र बन गया, जब कमिश्नर अनिल ढिगरा और डीआईजी शिव शिल्पी चिनप्पा औचक निरीक्षण के लिए पहुंच गए। उच्चाधिकारियों के अचानक पहुंचने से तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर सामने आ गए।

क्या है पूरी खबर?

निरीक्षण के दौरान सबसे चौंकाने वाला मामला मऊ धार मंगल निवासी रामा यादव का सामने आया। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजा रोहुआ स्थित उनकी करीब दो बीघा जमीन से खनन माफियाओं ने अवैध रूप से मिट्टी खोदकर उठा ली। पीड़ित के अनुसार उनकी जमीन घर से करीब तीन किलोमीटर दूर है और जब शनिवार को वह खेत देखने पहुंचे तो पूरी जमीन खोदी हुई मिली। उन्होंने भावुक होकर कहा कि अब हालात ऐसे हो गए हैं कि “मिट्टी तक सुरक्षित नहीं है।” इस घटना ने वहां मौजूद अधिकारियों और अन्य फरियादियों को भी स्तब्ध कर दिया।

पत्थरों को भी उखाड़कर फेंका

वहीं ग्राम सभा छोटी मसी के 90 वर्षीय बुजुर्ग चंद्रिका शुक्ला ने भी अपनी पीड़ा सुनाई। उन्होंने बताया कि पिपरहा क्षेत्र में उनकी जमीन का सीमांकन तहसील प्रशासन द्वारा कराया गया था, लेकिन बाद में विरोधियों को कथित रूप से फर्जी तरीके से कब्जा दिला दिया गया। इतना ही नहीं, सीमांकन के लिए लगाए गए पत्थरों को भी उखाड़कर फेंक दिया गया। बुजुर्ग महिला ने न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि अब उन्हें केवल उच्च अधिकारियों से ही उम्मीद है।

गंभीर आरोप

इसी क्रम में परसिया, थाना बांसगांव निवासी नीलम सिंह ने भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि पारिवारिक विवाद में उनका हिस्सा हड़प लिया गया है और उन्हें घर में प्रवेश तक नहीं करने दिया जा रहा। तीन बच्चों के साथ दर-दर भटक रही महिला ने कहा कि तहसील और थाना के बीच उन्हें लगातार दौड़ाया जा रहा है, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हो रही।

Census Fraud Alert: जनगणना के नाम पर ठगी से रहें सावधान, भूलकर भी न शेयर करें ये डिटेल्स

अवैध कब्जा, खनन और प्रशासनिक लापरवाही

समाधान दिवस में दर्जनों अन्य शिकायतें भी सामने आईं, जिनमें भूमि विवाद, अवैध कब्जा, खनन और प्रशासनिक लापरवाही प्रमुख रहीं। हालात को गंभीरता से लेते हुए कमिश्नर और डीआईजी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

कफ सिरप तस्करी मामले में बड़ा एक्शन : शुभम जायसवाल समेत 9 पर गैंगस्टर, पिता निकला मास्टरमाइंड

प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती

करीब एक घंटे तक निरीक्षण के बाद दोनों अधिकारी आगे बढ़ गए। उनके जाने के बाद एडीएम और एसडीएम खजनी राजेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं और कई मामलों के त्वरित निस्तारण का प्रयास किया गया। यह समाधान दिवस न केवल भारी भीड़ के कारण चर्चा में रहा, बल्कि ‘मिट्टी चोरी’ जैसे नए तरह के मामलों ने प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती भी खड़ी कर दी है।

Location :  Gorakhpur

Published :  2 May 2026, 3:43 PM IST