गगहा थाना क्षेत्र के भैसही गांव में मंगलवार देर शाम भाजपा नेता एवं लीलावती सिंह स्मारक इंटर कॉलेज के प्रबंधक राधामोहन सिंह पर जानलेवा हमला किए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित की तहरीर के अनुसार, घटना 3 फरवरी 2026 की शाम करीब 8:30 बजे की है। पढिए पूरी खबर

भाजपा नेता पर जानलेवा हमला
गोरखपुर: गगहा थाना क्षेत्र के भैसही गांव में मंगलवार देर शाम भाजपा नेता एवं लीलावती सिंह स्मारक इंटर कॉलेज के प्रबंधक राधामोहन सिंह पर जानलेवा हमला किए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित की तहरीर के अनुसार, घटना 3 फरवरी 2026 की शाम करीब 8:30 बजे की है, जब वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की बैठक में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे।
जान से मारने की नीयत से फायरिंग
तहरीर में बताया गया है कि वह रोका कहर गांव के चन्द्रमौल पांडेय के यहां से निकलकर कैथवलिया गांव स्थित हुकहा बाबा मंदिर के पास पहुंचे ही थे कि बाइक पर सवार अनुज साहनी (निवासी—भैसही) और अभिषेक पासवान (निवासी-रकहर) ने उन्हें रोककर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली उनकी पीठ में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीड़ित का आरोप है कि जैसे ही वह रुके, पहले से घात लगाए बैठे सरकारी हैंडपंप के पास मौजूद मनीष भादव, सुरेश यादव, ऋषिकेश यादव और धनेष यादव (सभी निवासी-भैसही) भी फायरिंग करते हुए हमला करने लगे। हमलावर गालियां देते हुए पीछा करते रहे और जान से मारने की धमकी देते हुए निनगांव की ओर भागने लगे।
हमलावर मौके से फरार
घायल राधामोहन सिंह किसी तरह जान बचाकर संतोष यादव के घर पहुंचे और शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए, तब हमलावर मौके से फरार हो गए। इसी दौरान रकहर की ओर से एक अन्य बाइक पर सवार दो अज्ञात व्यक्ति भी पहुंचे, लेकिन भीड़ देखकर वापस मुड़ गए और जाते-जाते धमकी देते हुए कहा कि “अगली बार जान नहीं बचेगी।”
तनाव की स्थिति
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि पूरी घटना सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दी गई, जिसमें नामजद लोगों के साथ अन्य अज्ञात व्यक्ति भी शामिल हैं। सभी हमलावर बाइक से थे, जिनमें कुछ की पहचान नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर नामजद व अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क है।