
ईमानदारी बनी मिसाल (इमेज सोर्स- इंटरनेट)
Gorakhpur: आज के दौर में जहां खोया हुआ सामान वापस मिलना किसी चमत्कार से कम नहीं माना जाता, वहीं चौरीचौरा क्षेत्र के एक ऑटो चालक ने अपनी ईमानदारी से समाज के सामने मिसाल पेश की है। चालक ने जेवरात और कपड़ों से भरा बैग उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाकर मानवता और नैतिक मूल्यों को जीवंत कर दिया।
जानकारी के अनुसार, एक महिला 24 जून को तरकुलहा माता मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद ऑटो से अपने घर लौट रही थीं। यात्रा के दौरान उनका बैग ऑटो में ही छूट गया। बैग में कीमती जेवरात और कपड़े रखे हुए थे। घर पहुंचने के बाद महिला को सामान गुम होने का पता चला, जिससे वह काफी परेशान हो गईं।
उधर, ऑटो चालक संतोष जब अपने घर पहुंचा तो उसकी नजर वाहन में पड़े बैग पर गई। बैग खोलकर देखने पर उसमें जेवरात और अन्य सामान मिला। चालक चाहता तो उस सामान को अपने पास रख सकता था, लेकिन उसने ईमानदारी का परिचय देते हुए बैग को सुरक्षित रखा और उसके वास्तविक मालिक को खोजने का फैसला किया।
गुरुवार को संतोष बैग लेकर थाना चौरीचौरा पहुंचा और पुलिस को पूरी जानकारी दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बैग के मालिक की पहचान कर संबंधित महिला से संपर्क किया और उन्हें थाने बुलाया।
थाना परिसर में पुलिस की मौजूदगी में संतोष ने महिला को उनका बैग सौंप दिया। बैग में रखा सारा सामान सुरक्षित देखकर महिला की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने ऑटो चालक की ईमानदारी की जमकर प्रशंसा की और पुलिस का भी आभार व्यक्त किया।
इस प्रेरणादायक घटना ने यह साबित कर दिया कि समाज में आज भी ऐसे लोग मौजूद हैं जिनके लिए ईमानदारी सबसे बड़ी पूंजी है। वहीं, पुलिस और आम नागरिक के बीच बेहतर समन्वय का यह उदाहरण लोगों के लिए सकारात्मक संदेश लेकर आया है।
Location : gorakhpur
Published : 26 June 2026, 1:00 AM IST