
फर्जी आईडी बनाकर बदनाम करने का आरोप
Gorakhpur: सहजनवां थाना क्षेत्र के निबरहार गांव में सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर एक युवती को बदनाम करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आरोप है कि पड़ोस की ही एक युवती ने पीड़िता के नाम से सोशल मीडिया पर नकली प्रोफाइल तैयार कर उसकी फोटो और आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट कर उसे बदनाम करने की कोशिश की। जब इस बात की जानकारी पीड़िता और उसके परिजनों को हुई तो गांव में तनाव का माहौल बन गया।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार की रात करीब 8 बजे वे आरोपी युवती के घर इस संबंध में शिकायत करने और स्पष्टीकरण मांगने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने बातचीत के बजाय गाली-गलौज शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख पीड़िता के परिजन वापस अपने घर लौट आए।
बताया जा रहा है कि कुछ ही देर बाद आरोपी पक्ष के लोग गोलबंद होकर पीड़िता के घर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने घर में घुसकर मारपीट की, जिसमें परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए, तब जाकर मामला शांत हुआ। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
PMO Renamed: प्रधानमंत्री कार्यालय का बदला गया नाम और पता, जानिये नया एड्रेस
पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी है। उसने मांग की है कि फर्जी आईडी बनाकर बदनाम करने और घर में घुसकर मारपीट करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। परिजनों का कहना है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर किसी की प्रतिष्ठा से खिलवाड़ करना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में उदाहरणात्मक कार्रवाई होनी चाहिए।
इस संबंध में थाना प्रभारी महेश कुमार चौबे ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाया गया तो गांव में आपसी रंजिश और बढ़ सकती है।
Location : Gorakhpur
Published : 13 February 2026, 4:29 PM IST
Topics : accused fake ID Gorakhpur Gorakhpur News up news hindi